रविवार, 15 अप्रैल 2018

चुनावी जमावट में जुटी सरकार, 6 आईएएस के तबादले

 सरकार चुनावी जमावट में जुट गई है. आज रविवार को धार, गुना बुरहानपुर के कलेक्टरों सहित 6 आईएएस अधिकारियों के तबादले आदेश जारी किए गए हैं. इसके पूर्व सरकार ने शुक्रवार को भी 8 अफसरों के तबादले किए थे. आज जारी यह सूची दूसरी सूची है. आईएएस के अलावा अब सरकार आईपीएस अधिकारियों के तबादले की तैयारी कर ही है.
प्रदेश में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अधिकारियों की जमावट अभी से शुरु कर दी है. सरकार द्वारा फिलहाल आईएएस अधिकारियों के तबादले कर मैदान में उन अधिकारियों की पदस्थापना की जा रही है, जो सरकार की नीतियों और योजनाओं के बारे में जनता के बीच पहुंचकर लोगों को बता सकें. आज रविवार को सरकार ने 6 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिनमें गुना, बुरहानपुर और धार के कलेक्टर भी शामिल है.इसके पूर्व सरकार ने शुक्रवार को 5 भारतीय प्रशासनिक सेवा के और 3 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले किए थे.तीन दिनों में आईएएस अधिकारियों की यह दूसरी सूची जारी हुई है, जिसके तहत अब तक 14 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की जा चुकी है. सूत्रों की माने तो जल्द ही सरकार कुछ और अधिकारियों के तबादले करने की तैयारी कर रही है. यह सूची भी जल्द ही जारी होगी. 
आज जिनके हुए तबादले
विवेक पोरवाल आयुक्त खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम को प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम एवं प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड, राजेश कुमार जैन कलेक्टर गुना को अपर सचिव सामान्य प्रशासन विभाग, श्रीमंत शुक्ला कलेक्टर धार को संचालक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल, दीपक सिंह कलेक्टर बुरहानपुर को कलेक्टर धार, सत्येन्द्र सिंह प्रबंध संचालक औद्योगिक केन्द्र विकास निगम को कलेक्टर बुरहानपुर, बी. विजय दत्ता उप सचिव लोक निर्माण विभाग को कलेक्टर गुना पदस्थ किया है.
आईपीएस अधिकारी भी बदले जाएंगे
प्रदेश में आईएएस अधिकारियों के अलावा आईपीएस अधिकारियों के तबादले भी जल्द ही किए जाएंगे. हाल ही में 2 अप्रैल को बंद के दौरान हिंसा भड़कने के बाद से राज्य सरकार द्वारा इसकी तैयारी शुरु कर दी गई थी. इसके तहत सरकार ने 14 अप्रैल तक किसी भी तरह के बदलाव से दूरी बनाई थी, मगर अब इन अधिकारियों बदले जाने की भी चर्चा है. बताया जा रहा है कि राज्य में 3 रेंज के आईजी और 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों के बदला जाना तय है. सूत्रों की माने तो पहले सूची में ग्वालियर-चंबल रेंजों के अलावा बालाघाट रेंज के अधिकारियों के नाम आ सकते हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें