सोमवार, 16 अक्टूबर 2023

मेरी बहनों 10 तारीख को फिर खातें आएंगे पैसे

कांग्रेस जलती रहे, मुझे परवाह नहीं : शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस जलती है, जलती रहे, मुझे परवाह नहीं। मेरी लाड़ली बहनों 10 तारीख को फिर तुम्हारे खाते में पैसे आएंगे। कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है वह विकास के कामों पर रोक लगाती है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज शहडोल जिले के जयसिंहनगर विधानसभा सीट की प्रत्याशी मनीशा सिंह के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री आज शहडोल जिले में सभाएं करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बहनों के खाते में पैसे डालने से कांग्रेसी परेशान हैं, लेकिन पूरी दुनिया सुन ले। जैसे-जैसे पैसे का इंतजाम होता जाएगा, वैसे-वैसे लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपए तक ले जाऊंगा। उन्होंने कहा कांग्रेस जलती है, जलती रहे, मुझे परवाह नहीं। मेरी लाड़ली बहनों 10 तारीख को फिर खातों में पैसा आएगा। कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है विकास के कामों पर रोक लगाती है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा के लिए ही मेरा जन्म हुआ है और मरते दम तक मैं अपने प्रदेशवासियों की सेवा करता रहूंगा। कांग्रेस ने तो मेरा श्राद्ध ही कर दिया था, लेकिन मामा इतनी जल्दी जाने वाला नहीं है।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग सत्ता में आने के लिए कई तरह के झूठ बोलते हैं, लेकिन आप सभी इनसे सावधान रहना है।
जनता का पुजारी है शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री इस लिए नहीं हूं कि सत्ता के सिंहासन पर बैठकर केवल आनंद उठाऊं, जनता की बेहतर से बेहतर सेवा कर पाऊं, इसलिए मैं मुख्यमंत्री हूं। उन्होंने कहा मुझे कंकाली मैया ने यही कहा कि तेरे लिए तो तेरी जनता ही भगवान है जनता की सेवा मेरे लिए मां की पूजा है। मुख्यमंत्री ने कहा मैं हमेशा कहता हूं, मध्यप्रदेश मेरा मंदिर है और इसमें रहने वाली जनता मेरी भगवान है और इस जनता का पुजारी शिवराज सिंह चौहान है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें