भोपाल। प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के बाद अब इंदौर क्रमांक तीन के विधायक आकाश विजयवर्गीय ने भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व को पत्र लिखकर चुनाव ना लड़ने की इच्छा जताई है। हालांकि भाजपा ने अभी सूची जारी नहीं की है और ना ही वहां से कोई उम्मीदवार की घोशणा हुई है।भाजपा इस प्रत्याशी चयन में चौथी सूची में जिस तरह से चौकाने वाले नाम दिए थे, उसके बाद इस बात के कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे कि इंदौर क्रमांक एक विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने कैलाश विजयवर्गीय को चुनाव मैदान में उतारा है, तो उनके बेटे आकाश विजयवर्गीय का टिकट कट सकता है। इन कयासों के चलते आकाश समर्थक कार्यकर्ताओं ने बसों में सवार होकर भोपाल आकर आकाश की दावेदारी भी पेश की थी। मगर उससे कुछ नहीं हुआ। अब बताया जा रहा है कि आकाश विजयवर्गीय ने खुद भाजपा के राश्टीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को पत्र लिखकर चुनाव मैंदान में ना उतरने की इच्छा जता दी है। बताया जा रहा है कि आकाश ने पत्र में लिखा है कि मेरे पिता को भाजपा ने टिकट दिया है, इसके चलते मेरे टिकट पर विचार ना किया जाए।
गौरतलब है कि पूर्व में शिवपुरी से विधायक और खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भी भाजपा संगठन को पत्र लिखकर कोरोना बीमारी का हवाला देते हुए चुनाव ना लड़ने की इच्छा जताई थी। इस सीट पर कयास इस बात के लगाए जा रहे हैं कि भाजपा संगठन यहां से केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव मैदान में उतार सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें