जयस का दावा, निगम-मंडल में मिलेगा स्थान
भोपाल। प्रदेश की आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित सीटों पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों का फोकस रहा है। इसके चलते मालवा-निमाड़ में आदिवासी वर्ग के बीच पैठ जमा चुके युवा संगठन जयस पर कांग्रेस की नजरें पहले से टिकी हुई थी। कांग्रेस ने इस चुनाव में भी जयस को साध कर इस अंचल में अपने समीकरण ठीक करने का प्रयास किया है। जयस का दावा है कि कांग्रेस के सामने जो नाम उन्होंने दिए थे उनमें से तीन को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।
मलवा-निमाड़ की आदिवासी वर्ग की सीटों पर जयस का खासा प्रभाव रहा है। जयस के प्रभाव को कम करने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल सक्रिय थे। कांग्रेस ने पिछले 2018 के चुनाव में जयस संरक्षक डा हीरालाल अलावा को कांग्रेस का टिकट देकर साध लिया था। इस बार भी जयस ने कांग्रेस से हिस्सेदारी मांगी थी। साथ ही कहा था कि अगर टिकट नहीं दिए तो 80 से ज्यादा स्थानों पर वह अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। इसके चलते कांग्रेस के साथ उसके नेताओं की कई बार बैठकें हुई। अब जब कांग्रेस ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है, इसके बाद जयस का बड़ा दावा सामने आया है। जयस ने दावा किया है कि उसने करीब 22 स्थानों पर अपने समर्थकों को चुनाव में उतारने के लिए कांग्रेस को सूची सौंपी थी, मगर तीन स्थानों पर उसे टिकट दिया गया है। जयस के कार्यकर्ता तीनों स्थानों पर कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस ने इन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। जयस के अनुसार सेंधवा विधानसभा सीट पर मोंटू सोलंकी, मनावर से डा हीरालाल अलावा के अलावा मंडला से डा अशोक मसर्कोले को टिकट दिया गया है। वहीं कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि सरकार बनने पर निगम-मंडल में जयस से जुड़े लोगों को स्थान मिलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें