भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मैंने सरकार नहीं परिवार चलाया है, भैया और मामा बनकर ही मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया है। मेरा प्रदेशवासियों से अद्भुत रिश्ता है। बहनों की जिंदगी बदलना, बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहतर इंतजाम, युवाओं को रोजगार के लिए कौशल सिखाने और बीमारी में इलाज की व्यवस्था करना मेरे लिए महत्वपूर्ण है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी के ग्राम जहाजपुर में सभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने यहां 10 करोड़ रूपए से अधिक के निर्माण और विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैं चैन की नींद लेने मुख्यमंत्री नहीं बना था, मैंने कभी भी 24 घंटे में 4 घंटे से ज्यादा नींद नहीं ली, जनता की जिंदगी बदलना ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि जब तक मेरी सांसे चलती रहेगी, मैं जनता की सेवा करता रहूंगा।
दो रूपए भेंट करने वाली जमुना बाई का किया सम्मान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय निवासी जमुना बाई को शाल, श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जब पहली बार विधायक के चुनाव के लिए जनसम्पर्क कर रहे थे, तब जमुना बाई ने उन्हें चुनाव लड़ने में अपने योगदान और सहयोग के रूप में 2 रूपए भेंट करते हुए, सफल होने का आशीर्वाद प्रदान किया था। उन्होंने कहा कि जमुना अम्मा का वात्सल्य मेरे ऊपर हमेशा रहा; जब पहली बार चुनाव लड़ रहा था, तब भी उन्होंने अपने प्रेम की झोली खोल दी और आज भी वो झोली प्रेम से भरी हुई है।
गरीबों को उनका हक और अधिकार दे रहा हूं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि मैं फ्री में बांट रहा हूँ। भगवान ने जंगल, जमीन, खेत, पानी सभी के लिए दिए हैं, जिनके पास अगर कुछ नहीं है उन्हें अगर मैं कुछ दे रहा हूं, लाड़ली बहनों को पैसा दे रहा हूं, बच्चों को शिक्षा दे रहा हूं। मैं फ्री में नहीं बाँट रहा हूँ, बल्कि गरीबों को उनका हक और अधिकार दे रहा हूं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें