सोमवार, 30 अक्टूबर 2023

सरकार पर विकास दर में घोटाला करने का आरोप


कांग्रेस ने कहा दो से ढ़ाई लाख करोड़ का हुआ घोटाला

भोपाल। कांग्रेस प्रवक्ता और पार्टी के सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा विकास दर में कथित तौर पर घोटाला करने का आरोप लगाया है।
सुप्रिया श्रीनेत ने यहां मीडिया से चर्चा के दौरान कहा प्रदेश सरकार ने पिछले 18 सालों में बड़े बड़े घोटाले किए, लेकिन अब सरकार ने प्रदेश की विकास दर के साथ घोटाला किया है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि विकास दर में लगभग 2-2.5 लाख करोड़ का घोटाला हुआ है। इसका कारण है, ज्यादा विकास दिखा कर ज्यादा ऋण लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का नीति आयोग बताता है कि मध्य प्रदेश के लगभग 35 फीसदी लोग गरीबी रेखा के नीचे हैं। मध्य प्रदेश में नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के अनुसार 5 वर्ष से कम आयु के 37 प्रतिशत बच्चे कुपोषित हैं। उज्ज्वला योजना गैस कनेक्शन उन लोगों को दिए गए जो गरीबी की रेखा के नीचे रहते हैं और ऐसे परिवारों की संख्या 82 लाख है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्रालय की संसदीय समिति बताती है कि मध्य प्रदेश में किसान 55 रुपया प्रतिदिन कमाता है। अर्थात सारे स्वास्थ्य और सामाजिक सूचकांक बताते हैं कि प्रदेश को गरीबी की गर्त में धकेल दिया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने अपनी बात के समर्थन में कई कथित प्रमाण भी प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश  सहित पूरे देश में 2020-21 और 2021-22 में कोविड महामारी के प्रभाव ने अर्थव्यवस्था पर गहरा आघात किया था। मध्य प्रदेश की विकास दर -3.37 फीसदी तक गिर गई थी। उन्होंने सरकार पर कर्ज लेने और उसे भ्रष्टाचार में उड़ा देने का भी आरोप लगाया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें