बुधवार, 11 अक्टूबर 2023

इतिहास उधर मुड़ जाता है, जिस ओर जवानी चलती है

कमलनाथ की युवाओं से अपील, खुशहाल मध्यप्रदेश बनाने में करें वोट की ताकत का सदुपयोग


भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने युवा मतदाता को पत्र लिखकर अपील की है कि मैं आपके परिवार का वरिष्ठ सदस्य होने के नाते आपसे आग्रह करना चाहता हूँ कि आप आज के मध्यप्रदेश की तस्वीर को सामने रखिए और एक जागरूक नौजवान की तरह सोचिए, सच्चाई को पहचानिये और सच्चाई का साथ दीजिये। प्रदेश में होने वाले चुनावों में आपका दिया एक-एक वोट मध्यप्रदेश और आपका भविष्य तय करेगा अपने वोट की ताकत का सदुपयोग खुशहाल मध्यप्रदेश बनाने के लिए करिए। उन्होंने कहा कि इतिहास उधर मुड़ जाता है, जिस ओर जवानी चलती है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने युवाओं के नाम लिखे पत्र में कहा है कि प्रिय युवा साथी, आपको मतदान का अधिकार प्राप्त होने पर मैं आपका अभिनंदन करता हूँ। अब आपका हर फैसला देश, मध्यप्रदेश और आपके भविष्य को तय करेगा। जीवन के इस पड़ाव पर हर नौजवान का सपना होता है कि शिक्षा-दीक्षा पूर्ण करने पर उसे अच्छा रोजगार मिले और वह परिवार के साथ सम्मानजनक खुशहाल जीवन जी सके आप भी इसी दिशा में विचार कर रहे होंगे, लेकिन आपको यह जानकर दुख होगा कि, आज मध्यप्रदेश में दो करोड़ से अधिक युवा हैं और इनमें से अधिकतर बेरोजगार है। युवाओं की इस स्थिति का कारण प्रदेश की भाजपा सरकार है जिसने कभी भी नौजवानों के भविष्य को ध्यान में रखकर कोई युवा उन्मुखी युवा हितैषी नीतियाँ नहीं बनाई, जो भी नीतियां बनाई वे सभी दोषपूर्ण बनाई और वो भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। 

भर्ती घोटाला बनी प्रदेश की पहचान

उन्होंने लिखा कि 18 सालों से सत्ता में बनी हुई भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश के शिक्षा और कौशल के स्तर को बहुत ही नीचे गिरा दिया है और इस कारण से प्रदेश का युवा बेरोजगार हो गया है । आज मध्यप्रदेश की पहचान लगातार हो रहे भर्ती घोटालों से होती है। प्रदेश को व्यापम घोटाले के लिये जाना जाता है। अभी हाल ही में पटवारी भर्ती और पेसा भर्ती में भी घोटाला हुआ। आज प्रदेश की स्थिति यह है कि या तो भर्ती नहीं निकलती है, निकलती है तो परीक्षा नहीं होती. कभी पेपर लीक हो जाता है, कभी परिणाम नहीं आता और परिणाम आ जाये तो उसमें भ्रष्टाचार हो जाता है और भाई-भतीजावाद तथा अदालतों के चक्कर में अक्सर नियुक्तियों को फंसा दिया जाता है। 

छिंदवाड़ा का युवा जी रहा स्वाभिमान के साथ

कमलनाथ ने लिखा कि मेरी कर्मभूमि छिंदवाड़ा में युवाओं के लिए मैंने सालों पहले उच्च गुणवत्ता वाले अनेक कौशल विकास केन्द्र प्रारंभ किये, जिनसे प्रशिक्षण प्राप्त कुशल युवाओं को हम रोजगार से जोड़ पाये। आज छिंदवाड़ा के युवा स्वाभिमान के साथ अपना जीवन जी रहे हैं। मेरा उद्देश्य हमेशा से रोजगार मूलक शिक्षा को बढ़ावा देकर एवं प्रदेश की पहचान उद्योगों के हब के रूप में स्थापित कर रोजगार के अवसरों को बढ़ाना रहा है और अब मैं प्रदेश के युवाओं के रोजगार के लिये यह सब करना चाहता हूँ ।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें