रविवार, 15 अक्टूबर 2023

कांग्रेस में भी सूची जारी होते ही विरोध


मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

भोपाल। भाजपा के अलावा कांग्रेस में भी प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को लेकर विरोध दिखाई देने लगा है। कांग्रेस ने आज ही पहली सूची जारी की, इसके चंद घंटों के अंदर ही टिकट के दावेदारों की नाराजगी भी दिखाई दी। इसके चलते कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अजय यादव ने तो इस्तीफा ही दे दिया है। 

प्रदेश कांग्रेस ने आज 144 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। हालांकि कांग्रेस दावा कर रही है कि उसने हर वर्ग को साधने का प्रयास इस सूची में किया है। फिर भी टिकट के दावेदारों में नाराजगी नजर आने लगी है। सूची जारी होने के बाद कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अजय यादव ने अपनी नाराजगी जताते हुए इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को इस्तीफा भेजा है। इसमें उन्होंने पिछड़ा वर्ग के साथ अन्याय करने का आरोप भी लगाया है। यादव ने कहा कि टीकमगढ़ जिले में तीन सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। जबकि जिले 70 फीसदी आबादी ओबीसी वर्ग की है। इसके बावजूद तीन सामान्य उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा गया है,  इसलिए दुखी मन से कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। बताया जा रहा है कि अजय यादव खरगापुर विधानसभा सीट से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे थे। मगर उन्हें कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया है। 

वहीं ग्वालियर-चंबल अंचल में भी नाराजगी दिखाई दी है। ग्वालियर ग्रामीण सीट से कांग्रेस ने साहबसिंह गुर्जर को प्रत्याशी बनाया है। इससे नाराज होकर कांग्रेस ग्रामीण के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष कल्याण सिंह व उनके भाई केदार सिंह ने टिकट का विरोध करते हुए इस्तीफा दे दिया। 

उज्जैन में भी फूंटा गुस्सा

मालवा अंचल के उज्जैन में भी टिकट की दावेदारी कर रहे नेता में सूची जारी होने के बाद नाराजगी दिखाई दी। उज्जैन उत्तर सीट से कांग्रेस ने माया त्रिवेदी को प्रत्याशी बनाया है। जबकि यहां से विवेक यादव दावेदारी कर रहे थे। सूची जारी होने के बाद विवेक और उनके समर्थकों ने नाराजगी दिखाई और विवेक यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी होकर चुनाव लड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पार्टी अगर प्रत्याशी नहीं बदलती है तो वे चुनाव मैदान में उतरेंगे। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें