मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्रियों से की बात
भोपाल। भाजपा में टिकट को लेकर नेताओं की नाराजगी को देख अब संगठन ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित बड़े नेताओं को नाराज नेताओं से बातचीत करने को कहा है। इसके चलते मुख्यमंत्री ने तीन पूर्व मंत्रियों से बातचीत की है। हालांकि वे नेताओं की नाराजगी को कितना दूर कर पाए हैं, यह तो बाद में पता चलेगा।
भाजपा द्वारा चार सूचियां जारी करने के बाद प्रदेश के हर अंचल में नाराज चल रहे नेताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर सहित संगठन पदाधिकारी कई मर्तबा इन नेताओं से बातचीत कर चुके हैं। मगर नेताओं की नाराजगी दूर नहीं हुई है। इसके चलते हाल ही में जब पूर्व मंत्रियों अनूप मिश्रा, रूस्तम सिंह, नारायण कुशवाह और पारस जैन सहित अन्य नेताओं की नाराजगी की खबरें संगठन को मिली तो फिर से बड़े नेताओं को इन्हें समझाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी नाराज चल रहे नेताओं से बातचीत करने को कहा गया। इसके चलते मुख्यमंत्री ने चारों पूर्व नेताओं से चर्चा की और उनकी बातें सुनी। हालांकि नेताओं को किस तरह का आश्वासन मिला है, इसका खुलासा नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से ग्वालियर-चंबल अंचल के तीन पूर्व मंत्रियों अनूप मिश्रा, रूस्तम सिंह और नारायण कुशवाह को लेकर यह बात सामने आई थी कि ये नाराजगी के चलते कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। हालांकि तीनों नेताओं ने खुलकर मीडिया में ऐसी बातें नहीं की है, मगर सोशल मीडिया पर इस तरह की बातें ज्यादा चल रही है। इसके चलते भाजपा की चिंता बढ़ी है। सूत्रों की माने तो भाजपा नेताओं की नाराजगी और दूसरे दलों में जाने की खबरों से भाजपा संगठन ज्यादा चिंतित हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें