मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूछा सवाल
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर हमला बोलते हुए आज कहा कि कांग्रेस को भगवान श्रीराम और उनके मंदिर से क्या तकलीफ है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि आज फिर प्रदेश में कांग्रेस की झूठ की दुकान सज रही है। उन्होंने कहा कि मैं प्रियंका गांधी से सवाल पूछना चाहते हैं कि भगवान राम और राम मंदिर से कांग्रेस को तकलीफ क्या है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग को शिकायत की है कि प्रदेश में भगवान राम के मंदिर के फोटो होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। उन्हें और श्री महाकाल के चित्रों को हटा दिया जाए। उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस श्रीराम को काल्पनिक बताती थी। कभी कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, पर तारीख नहीं बताएंगे। अब तो सबको तारीख पता है। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। उन्होंने कहा कि श्री महाकाल महालोक पर कांग्रेस ने झूठे आरोप लगाए, आखिर कांग्रेस को उससे भी क्या चिढ़ है।
बाहर आने लगा कांग्रेसियों का बाबर के प्रति प्रेम
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा कि जो सोनिया भक्त कांग्रेसी चुनावी राम भक्त बन रहे थे, उनका बाबर के प्रति प्रेम बाहर निकलने लगा है। कभी कांग्रेसी प्रभु श्रीराम के होर्डिग की शिकायत करते है, तो कभी बाबरी ढांचा की शाहदत पर अपने मन की पीड़ा को बाहर लाते है। कांग्रेस का यह चरित्र मुंह में राम बगल में छुरी को चरितार्थ कर रहा है। सोनिया गांधी के इशारे पर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष का बयान कांग्रेस का मुगलों के प्रति प्रेम और सनातन के प्रति घृणा को प्रदर्शित करता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें