सोमवार, 23 अक्टूबर 2023

जेल में रहकर चुनाव लड़ेगा गोंगपा का प्रत्याशी !

अमरवाड़ा और परसवाड़ा से उतारे प्रत्याशी


भोपाल। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आज पंद्रह प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की है। इस सूची में उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा सीट से गोंगपा ने जेल में बंद अपने कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया है। सितंबर माह में हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता को पुलिस ने गिरफतार किया था। वहीं छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से भी गोंगपा ने प्रत्याशी मैदान में उतार दिया है। 

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आज प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। इस सूची में चौंकाने वाला नाम वह कार्यकर्ता था, जो उमरिया में हिंसक प्रदर्शन के चलते जेल में अब भी बंद है। 26 सितंबर को गोंगपा ने यहां प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस लाठीचार्ज भी हुआ था। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता राधेश्याम काकोड़िया को पुलिस ने गिरफतार किया था। इसके बाद से वह अब भी जेल में बंद है। काकोड़िया को गोंगपा ने मानपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। वहीं छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से देवरावेन भलावी को मैदान में उतारा है। गोंगपा ने यहां भाजपा प्रत्याशी मोनिका बट्टी के खिलाफ यह प्रत्याशी उतारा है। इसके अलावा चितरंगी से ष्शैलेन्द्र सिंह, ब्यौहारी से पुरूशोत्तम सिंह, जैतपुर से सुंदर सिंह मरावी, पुश्पराजगढ़ से ललन सिंह परते, गोटेगांव से बरनलाल, टिमरनी से नंदकिशोर बैठे, देवरी से देवेन्द्र प्रताप लोधी, सिवनी मालवा से उमेद सिंह जाट, सिलवानी से नरेन्द्र सिंह मरकाम, बुधनी से प्र्रहलाद चौरसिया, खातेगांव से मदनलाल भारी, धवनी से लालदेव सिंह और परसवाड़ा से दिनेश उइके को प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में 11 प्रत्याशी की सूची जारी की है। 

पार्टी ने कलेक्टर को लिखा पत्र

जिला जेल में बंद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राधेश्याम काकोडिया जेल से ही चुनाव लड़ना चाहते हैं, वह उमरिया जिले की मानपुर विधानसभा सीट से गोंगपा के तय प्रत्याशी हैं। ऐसे में गोंगपा ने उमरिया जिले के कलेक्टर को पत्र लिखकर उनसे चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमान सिंह पोर्ते ने उमरिया जिले के कलेक्टर को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने मानपुर विधानसभा से राधेश्याम काकोड़िया को विधानसभा चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें