सोमवार, 30 अक्टूबर 2023

इंदौर, रीवा में सभाएं लेंगी प्रियंका गांधी

भोपाल। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी कांग्रेस पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने एक बार फिर मध्यप्रदेश आ रहीं हैं। प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश में 8 नवंबर को इंदौर और 9 नवंबर को रीवा में जनसभा को संबोधित करेंगी।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी दो दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश आ रही हैं। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की नजर मालवा, विंध्य क्षेत्र पर है। दोनों ही क्षेत्र भाजपा के मजबूत गढ़ माने जाते हैं। प्रियंका 8 नवंबर को इंदौर और 9 नवंबर को रीवा में रोड शो कर जनसभा को संबोधित करेंगी। 2018 के विधानसभा चुनाव में मालवा क्षेत्र की 38 सीटों में भाजपा ने 19 सीटें जीती थी , कांग्रेस ने 18 सीटें जीती थी और निर्दलीय प्रत्याशी को 1 सीट हासिल हुई थी। वहीं 2018 में विंध्य बेल्ट की 30 सीटों में भाजपा ने 24 सीटें जीती थी, वहीं कांग्रेस को मात्र 6 सीटों से संतुष्ट होना पड़ा था। विंध्य क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता है। इससे पहले प्रियंका गांधी जबलपुर, ग्वालियर, धार, मंडला और दमोह में जनसभा कर चुकी हैं। बता दें कि मध्यप्रदेश में यह प्रियंका गांधी का 6वां दौरा होगा।
कन्हैया कुमार 31 को आएंगे
आदिवासी वोट बैंक को साधने में जुटी कांग्रेस ने अलीराजपुर में 31 अक्टूबर को एक रैली निकालने की तैयारी की है। इस रैली को कांग्रेस के स्टार प्रचारक कन्हैया कुमार संबोधित करेंगे। कन्हैया की इस रैली के साथ ही मालवा में कांग्रेस ने जोरदार तरीके से प्रचार अभियान शुरू करने की तैयारी की है। कांग्रेस इस अंचल की आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित सीटों पर पूरा फोकस कर रणनीति बना रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें