त्रिकोणीय मुकाबले के बन रहे आसार
भोपाल। प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने बड़ा दाव खेलते हुए सिंगरौली की महापौर और आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल को सिंगरौली विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। रानी अग्रवाल के मैदान में उतरने से यहां पर अब त्रिकोणी मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं।
आम आदमी पार्टी इस बार विधानसभा चुनाव में खाता खोलने के लिए लंबे समय से काम कर रही थी। मैदानी स्तर पर जरूर उसका संगठन कमजोर नजर आ रहा था, मगर अब संगठन को मजबूत करते हुए कई स्थानों पर दूसरे दलों से आए नेताओं को पार्टी ने मैदान में उतारकर अपनी उपस्थिति मजबूत करने की कोशिश की है। इसके चलते आज पार्टी ने सिंगरौली की महापौर और आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल को सिंगरौली विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतार दिया है। रानी अग्रवाल ने पिछले साल हुए निकाय चुनाव में सिंगरौली से जीत हासिल कर प्रदेश में आप को बड़ी कामयाबी दिलाई थी। आप ने इस बार अपना फोकस भी विंध्य अंचल में रखा है। पार्टी सुप्रीमो अऱविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान यहाँ रैली कर अपनी ताकत दिखा चुके हैं।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने अब तक प्रदेश की 230 सीटों में से अब तक 70 पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। सिगरौली में 2018 में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे का मुकाबला रहा, लेकिन जीत का सेहरा भाजपा के रामलल्लू वैश्य के सिर बंधा था। इस बार 2008 से लेकर अब तक विधायक रहे रामलल्लू वैश्य का भाजपा ने टिकट काटकर रामनिवास शाह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसी वजह से विधायक ने नाराज होकर बगावत करने का मूड बना लिया है और वह जल्द ही कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें