कांग्रेस ने जारी किया वचन पत्र, किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित सभी वर्गों को साधने का किया प्रयास
भोपाल। कांग्रेस ने आज विधानसभा चुनाव को लेकर वचन पत्र जारी कर दिया है। जारी वचन पत्र में किसानों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों के साथ सभी वर्गों को साधने का प्रयास किया है। किसानों के लिए कर्ज माफी, इंदिरा किसान ज्योति जैसी योजनाएं लाने का वचन दिया है। जाति आधारित जनगणना कराने और ओबीसी वर्ग को सरकारी सेवाओं और योजनाओं में 27 प्रतिशत आरक्षण देने का भी वचन दिया है। वहीं मध्यप्रदेश में ओल्ड पेंशन योजना को बहाल करने का वचन दिया गया, साथ ही मध्य प्रदेश की भी आइपीएल टीम बनाने की घोषणा की गई।
राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले आज मंगलवार को कांग्रेस ने राजधानी के रवीन्द्र भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस का वचन पत्र जारी कर दिया है। जारी किए गए इस वचन पत्र में । कांग्रेस ने प्रदेश में खाली पड़े तीन लाख शासकीय पदों को 6 महीने में भरने का वचन अपने पत्र में शामिल किया है। इसके साथ ही सरकार बनने पर युवाओं के लिए ही स्वाभिमान योजना शुरू करने की बात भी वचन पत्र में जोड़ी है। इस योजना के तहत प्रदेश के ग्रेजुएट युवाओं को 3 हजार रुपए प्रति महीना दिया जाएगा। वहीं डिप्लोमा होल्डर को 1500 रुपये, जबकि दो लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से 8 से 10 हजार रूपए महीना दिया जाएगा। इसके लिए युवा स्वाभिमान योजना कार्ड जारी किया जाएगा।
वचनपत्र में वादा किया गया है कि बहुदिव्यांगजनों की पेंशन की राशि बढ़ाकर दो हजार रुपए की जाएगी। जाति आधारित जनगणना की जाएगी। सरकारी सेवाओं और योजनाओं में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही है। वहीं संत शिरोमणि रविदास के नाम पर कौशल उन्नयन विश्वविद्यालय सागर में स्थापित करने का वादा भी किया गया है। तेंदूपत्ता की मजदूरी की दर चार हजार रुपए प्रति मानक बोरा की जाएगी।
मध्यप्रदेश में हम लाए मेट्रो
वचन पत्र जारी करते हुए कमलनाथ ने कहा कि पहले मैं कहता था कि मेट्रो का कोई प्रस्ताव भी नहीं लाता है। मैंने बाबूलाल गौर से प्रस्ताव की बात कही थी तब प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनी। मैं जगह-जगह जा रहा हूं मेट्रो का उद्घाटन कर रहा हूं, लेकिन हमारे यहां कोई योजनाएं ही नहीं थी। हमारी सरकार आ गई थी और मैंने इसकी शुरुआत की थी। कोई श्रेय ले ले इसकी चिंता नहीं है, मुझे मध्यप्रदेश की शान की चिंता है।
पढ़ो पढ़ाओ योजना के तहत बच्चों को दी जाएगी राशि
कांग्रेस ने अपने वचनपत्र में कहा गया है कि पढ़ो पढ़ाओ योजना के तहत सरकारी स्कूलों के बच्चों को कक्षा एक से आठवीं तक पांच सौ रुपए, नवीं और दसवीं के लिए एक हजार रुपए और ग्यारहवीं एवं बारहवीं के बच्चों के लिए पंद्रह सौ रुपए प्रतिमाह प्रदान किए जाएंगे। आदिवासी अधिसूचित क्षेत्रों में कांग्रेस के कार्यकाल में बना पेसा एक्ट लागू करेंगे।
सहकारी संस्थाओं में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण
किसानों को गेंहू का 26 सौ रुपए और धान का 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल मूल्य दिया जाएगा। पांच हॉर्सपॉवर निशुल्क बिजली देने के साथ ही दस हॉर्सपॉवर तक 50 प्रतिशत छूट देंगे। नंदिनी गोधन योजना के तहत दो रुपए प्रति किलो की दर से गोबर खरीदेंगे। एक हजार गौशालाएं बनवाने का कार्य फिर से प्रारंभ कराया जाएगा। इसमें मछुआरों और खेतिहर श्रमिकों के लि भी घोषणाएं की गयी हैं। सहकारी संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। राज्य की पंचवर्षीय योजना शुरू करेंगे। अपराध मुक्त प्रदेश बनाने की बात भी इसमें की गयी है। परिवहन क्षेत्र के अलावा पत्रकारों के संबंध में भी वचन इस वचन पत्र में दिए गए हैं।
स्वास्थ्य अधिकार कानून बनाएंगे
स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनाया जाएगा और स्वास्थ्य बीमा योजना प्रारंभ करेंगे। इसके तहत प्रति परिवार 25 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख का दुर्घटना बीमा कराया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ न्याय किए जाने का वादा भी इसमें किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें