शनिवार, 21 अक्टूबर 2023

9 तीन मंत्रियों, 29 विधायको के काटे भाजपा ने टिकट

कई स्थानों पर चौंकाने वाले नाम, विदिशा, गुना में तय नहीं प्रत्याशी


भोपाल। भाजपा ने आज विधानसभा चुनाव के लिए 92 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में दो विधानसभा सीटों विदिशा और गुना के प्रत्याशियों के नाम नहीं है। इसके अलावा पार्टी ने कुछ स्थानों पर चौंकाने वाले नाम भी दिए हैं। वहीं तीन मंत्रियों के टिकट भी कांटे हैं। पार्टी के महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय का टिकट काट दिया है। वहीं शिवपुरी में ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम की चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए यहां से देवेन्द्र जैन को प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा ने आज विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पांचवी सूची जारी कर दी है। जारी सूची में 92 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम है। दो सीटें गुना और विदिशा को होल्ड पर रखा है। इसके साथ ही पार्टी ने अब 228 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। पार्टी ने इस बार कई स्थानों पर चौंकाने वाले नाम भी दिए हैं। इन नामों में दमोह से पूर्व मंत्री जयंत मलैया का मैदान में उतारकर सभी को चौंका दिया है। मलैया परिवार पहले से ही अपने बेटे को चुनाव लड़ाने का इच्छुक था, मगर पार्टी ने उन्हें ही मैदान में उतार दिया है। इसी तरह ग्वालियर पूर्व  से पूर्व मंत्री मायासिंह को भी मैदान में उतार कर कांग्रेस को कड़ी टक्कर देने का प्रयास किया है। इसी तरह पूर्व मंत्री नागेन्द्र सिंह को भी नागौद से चुनाव मैदान में उतार दिया है। जबकि नागेन्द्र सिंह खुद कुछ माह पूर्व चुनाव ना लड़ने की बात कह रहे थे। वहीं भाजपा ने चौंकाने वाले नाम भी इस सूची में दिए हैं। भोपाल की दक्षिण-पश्चिम सीट से पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के स्थान पर संगठन के कद्दावर नेता भगवानदास सबनानी को मैदान में उतारा है।
बिसेन सहित तीन मंत्रियों का कटा टिकट
भाजपा ने तीन मंत्रियों ओपीएस भदौरिया, गौरीशंकर बिसेन और यशोधरा राजे सिंधिया को टिकट नहीं दिया है। यशोधरा राजे सिंधिया पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर चुकी थीं। उन्होंने संगठन को पत्र लिखकर अपनी इच्छा जाहिर की थी। वहीं गौरीशंकर बिसेन की जगह पार्टी ने उनकी बेटी मौसम को बालाघाट सीट से प्रत्याशी बनाया है।
12 महिलाओं को उतारा मैदान में
भाजपा ने जारी की इस सूची में 12 स्थानों पर महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। इनमें बुरहानपुर से पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, हटा से उमा खटिक, पंधाना से छाया मोरे, रैगांव से प्रतिमा बागरी, धार से नीना विक्रम वर्मा, ग्वालियर पूर्व से माया सिंह, खंडवा से कंचन मुकेश तन्वे, महू से उशा ठाकुर, बालाघाट से मौसम बिसेन, चितरंगी से राधा सिंह, मंडला से संपतिया उइके, नेपानगर से मंजू राजेन्द्र दादू को मैदान में उतारा है।
भाजपा को भी भाए दूसरे दलों के नेता
कंग्रेस की तरह भाजपा ने भी कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों के नेताओं को प्रत्याशी बनाया है। इनमें बड़वाह विधानसभा सीट के लिए सचिन बिड़ला, सुसनेर विधानसभा सीट के लिए राणा विक्रम सिंह, वारासिवनी विधानसभा सीट के लिए प्रदीप जायसवाल और त्योंथर विधानसभा सीट के लिए सिद्धार्थ तिवारी शामिल हैं। इसी तरह सपा से बिजावर से विधायक रहे राजेश शुक्ला को भाजपा ने टिकट दिया है। जबकि भिंड विधानसभा सीट से बसपा के विधायक रहे संजीव सिंह भी चुनाव के कुछ माह पहले भाजपा में आए थे, मगर उन्हें भाजपा ने टिकट नहीं दिया है।
29 वर्तमान विधायकों के काटे टिकट
भाजपा ने 29 वर्तमान विधायकों के टिकट भी काट दिए हैं। इनमें आकाश विजयवर्गीय, पारस जैन, पंचू लाल प्रजापति जोबट से विधायक सुलाचना रावत का नाम है। सुलोचना रावत की तबीयत खराब होने के चलते उनके बेटे विशाल को टिकट दिया है। इसी तरह खंडवा से देवेन्द्र वर्मा, नेपानगर से सुमित्रा कास्डेकर, पंधाना से राम दोगने, बागली से पहाड़ सिंह कनौज, रतलाम ग्रामीण से दिलीप कुमार मकवाना, गरोठ सीट से देवीलाल धाकड़, त्यौंथर से श्यामलाल द्विवेदी, सिंगरौली से रामलल्लू वैश्य, चितरंगी से अमरसिंह का टिकट भी कटा गया है।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें