सोमवार, 9 अक्टूबर 2023

मुख्यमंत्री ने पूछा कहां है कांग्रेस की सूची, हम हैं तैयार

 राजनीतिक दलों को चुनाव में मर्यादा बनाकर रखना चाहिए : शिवराज

भोपाल। प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव आयोग का धन्यवाद जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंदिता अपने स्थान पर ठीक है, लेकिन सभी पार्टियों को चुनाव में मर्यादा बनाकर रखनी चाहिए। भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कांग्रेस की सूची जारी ना होने को लेकर तंज कसते हुए पूछा कि कांग्रेस की सूची कहां है? क्यों इतनी देर लग रही है? हम तैयार हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे पास प्रधानमंत्री मोदी का अद्भुत नेतृत्व है। हमारे कार्यकर्ता कमर कसकर मैदान में हैं। ये चुनाव जनता ही लड़ेगी और हम शानदार जीत के साथ फिर आएंगे। अब तक उनके (कांग्रेस) उम्मीदवार तक मैदान में नहीं हैं। कांग्रेस की सूची कहां है? क्यों इतनी देर लग रही है? भाजपा पूरी तरह से तैयार है। मुझे पूरा विश्वास है कि अब तक की सबसे बड़ी विजय भारतीय जनता पार्टी हासिल करेगी. उन्होंने भाजपा का विकास भी देखा 2003 से पहले बंटाधार राज को भी नहीं भूले और सवा साल के सत्यानाशी शासन को भी नहीं भूले। इसलिए यह चुनाव जनता ही लड़ेगी और हम शानदार विजय प्राप्त करेंगे।
लोकतंत्र का हरण करने वालों को सबक सिखाने वाला दिन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की सम्मानित जनता पिछले कई वर्ष से जिस तारीख का इंतजार कर रही थी आज विधिवत उसकी घोषणा हो गई। 17 नवंबर को मध्य प्रदेश में मतदान है। यह दिन लोकतंत्र का हरण करने वालों को सबक सिखाने और सत्य के शासन की पुनर्स्थापना करने का दिन होगा। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और मध्य प्रदेश की समस्त जनता से निवेदन करता हूं कि मध्य प्रदेश के विकास को और मध्य प्रदेश के भविष्य को निगाह में रखकर चुनाव की तैयारी करें और सही समय पर सही जगह उंगली रखकर नए मध्य प्रदेश के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करें। 3 दिसंबर को मध्य प्रदेश में जनता की सरकार की विजय पर मोहर लग जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें