शनिवार, 28 अक्टूबर 2023

रूठों को पद देकर मनाने में जुटी कांग्रेस

भोपाल। प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के बाद नाराज नेताओं को मनाने में कांग्रेस जुट गई है। कांग्रेस ने अब रूठे नेताओं को मनाने के लिए उन्हें पद देना शुरू किया है। इसके तहत निवाड़ी से नाराज चल रही रोशनी यादव को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।

प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के बाद टिकट कटने से नाराज चल रहे नेताओं ने कांग्रेस की परेशानी को बढ़ा दिया है। इसके चलते अब कांग्रेस ने इन रूठे नेताओं को मनाने के लिए प्रयास तेज कर दिया है। रूठे नेताओं को मनाने के लिए अब कांग्रेस उन्हें पद दे रही है। ताकि उनकी नाराजगी को दूर किया जा सके और चुनाव के दौरान बगावत को रोका जा सके। इसके चलते आज कांग्रेस ने निवाड़ी में भाजपा से कांग्रेस में आई पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय रामनरेश यादव की पौत्र वधु रोशनी यादव की नाराजगी को दूर करने के लिए उन्हें पद दिया है।  निवाड़ी से टिकट की मांग कर रही रोशनी यादव ने कुछ समय पहले ही कांग्रेस की सदस्यता ली है।  रोशनी का निवाड़ी जिले में अच्छा खासा जन समर्थन है। इसलिए वो यहां से टिकट का मांग कर रही थी। लेकिन पार्टी ने उनकी जगह अमित राय को अपना प्रत्याशी बनाया है। पिछले दिनों रोशनी यादव ने भोपाल आकर कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की थी और अमित राय के टिकट का विरोध किया था। रोशनी यादव को संतुष्ट करने कांग्रेस उन्हें प्रदेश महामंत्री बनाया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह की ओर से जारी पत्र में उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। जिम्मेदारी मिलने से रोशनी यादव के समर्थकों में उत्साह है। उन्हें बधाईयां देने का सिलसिला जारी है। इसके पहले भोपाल की दक्षिण विधानसभा सीट से नाराज संजय सक्सेना को कांग्रेस ने भोपाल शहर कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनाया था। इसके अलावा सोहागपुर से विधानसभा का टिकट कटने से नाराज चल रहे सतपाल पलिया को कांग्रेस ने प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें