रविवार, 29 अक्टूबर 2023

कांग्रेस नेताओं में फूट डालो, भाजपा की पुरानी नीति

दिग्विजय ने कहा भ्रामक प्रचार के झांसे में ना आएं मतदाता


भोपाल।  विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण के बाद टिकट बदलने को लेकर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच विवाद और खीचतान की अफवाहों पर विराम लगाते हुए दिग्विजय ने आज रविवार को एक वीडियो जारी कर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बात कही है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीटर पर वीडियो जारी कर  मतदाताओं से कहा कि कांग्रेस नेताओं में फूट डालो भाजपा की पुरानी नीति है। भ्रामक प्रचार के झांसे में ना आए। कांग्रेस एकजुट है, हम लोग सब मिलकर काम करेंगे और भाजपा को हराएंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे 30 अक्टूबर को दतिया जाएंगे। वे कांग्रेस के उम्मीदवार का नामांकन भरवाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की गुटबाजी इन दिनों चरम पर है जिसे ढांकने के लिए वे प्रायोजित रूप से कांग्रेस नेताओं में खासकर मेरे और कमलनाथ जी के बीच की अनबन की झूठी खबरें फैलाते हैं। जबकि कांग्रेस का हर एक नेता भाजपा को हराने के लिए एकजुट और संकल्पबद्ध है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मेरी सभी मतदाता भाइयों एवं बहनों से प्रार्थना है कि वे कांग्रेस नेताओं में फूट के भाजपा के भ्रामक प्रचार के झांसे में न आएं। कांग्रेस एक जुट है। हम लोग सब मिलकर काम करेंगे और भाजपा को हराएंगे “जन बल“ जीतेगा, “धन बल“ हारेगा। कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

अहंकार के चलते शाह अफसरों को धमका रहे

एक अन्य ट्वीट कर दिग्विजय सिंह ने कहा कि असल में यह सत्ता का अहंकार है कि शाह अफ़सरों को धमका रहे हैं और शिवराज सरकारी पैसों को बाँटकर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। जनता के वोट से चुनी गयी सरकार ( यहाँ तो ख़रीदी गयी) को चुनाव में जाने से पहले इस तेवर के लिए माफ़ नहीं करना चाहिए। लोकतंत्र बचाना है तो उन्हें हटाना ही पड़ेगा। 

वर्चस्व की लड़ाई में भाजपा कहां से आई

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के वीडियो के वायरल होने के बाद कहा कि एक कहावत है, चोर की दाढ़ी में तिनका। हमने कब कहा दिग्विजय और कमलनाथ के बीच में अनबन है। आप ट्विट करके बता रहे  हो अनबन नहीं हैं, भाजपा भ्रम फैला रही है। भाजपा भ्रम क्यों फैलाएगी। उन्होंने कहा कि जनता देख रही है टिकट वितरण को लेकर अनबल हुई और कमलनाथ जी ने खुलेआम कहा कि कपड़े फाड़ना है तो दिग्विजय और जयवर्धन सिंह के फाड़ो। यह तो सबने सुना है। उन्होंने कहा कि आप हंसी मजाक या हास परिहास में नहीं ले जा सकते हैं और कमलनाथ जी के बेटे नकुलनाथ जी टिकट बांट देते हैं। छिंदवाड़ा की और बाद में फिर कांग्रेस कमेटी अप्रूव करती हैं। वर्चस्व की लड़ाई और बेटों को स्थापित करने की लड़ाई जगजाहिर है। इसमें भारतीय जनता पार्टी कहां से आई।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें