ओबीसी वर्ग को साधने की कवायद, दूसरे दलों से आए नेताओं को भी मिला टिकट
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में एक बार फिर पुराने विधायकों पर भरोसा जताते हुए 69 विधायकों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस द्वारा जारी की सूची में युवाओं को ज्यादा महत्व मिला है। वहीं ओबीसी वर्ग को साधने की कवायद भी की गई है। अल्पसंख्यक वर्ग के आधा दर्जन प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतार कर कांग्रेस ने इस वर्ग को भी साधा है। कुल मिलाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का ही इस सूची में दबदबा रहा है। हालांकि उन्होंने सभी बड़े नेताओं को साधने का भी प्रयास किया है।
कांग्रेस ने पहली सूची जारी कर अपने अधिकांश विधायकों को टिकट देकर मैदान में उतारा है। पार्टी ने 69 विधायकों को टिकट दिए हैं। वहीं कुछ विधायकों के टिकट काटने में भी कोताही नहीं बरती गई है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति का भी टिकट काट दिया गया है। जारी की सूची में कांग्रेस ने बुंदेलखंड से 18, महाकौशल से 23, ग्वालियर-चंबल से 26 सीटों के प्रत्याशी तय कर दिए हैं। जबकि मालवा, निमाड़ और मध्य से कांग्रेस ने 77 प्रत्याशियों की घोशणा कर दी है। कांग्रेस ने 144 में से 19 महिलाओं को टिकट दिए, जबकि भाजपा ने 136 में से 17 महिलाओं को टिकट दिया है। सामान्य वर्ग से 47 उम्मीदवार, 39 ओबीसी, 30 एसटी, 22 एससी और 6 अल्पसंख्यक वर्ग से टिकट दिया है। 6 अल्पसंख्यक वर्ग के नेता, 5 जैन और 1 मुस्लिम को भी टिकट दिया है। 65 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 वर्ष से कम है।
कुछ बागियों को मिला टिकट, कुछ लगा झटका
कांग्रेस ने दूसरे दलों से आए नेताओं में से कुछ को टिकट दे दिया है। वहीं कुछ को झटका भी दिया है। साथ ही कुछ के नामों पर फिलहाल विचार किया जा रहा है। जारी सूची के अनुसार कुंवर कपिध्वज सिंह को गुढ़ से, रश्मि सिंह पटेल को नागौद से, बोध सिंह भगत को कटंगी से, नीरज शर्मा को सुरखी से, अवधेश नायक को दतिया से, साहबसिंह गुर्जर को ग्वालियर ग्रामीण से, राव यादवेंद्र सिंह यादव को मुंगावली से, बैजनाथ यादव को कोलारस से, अनुभव मुंजारे को बालाघाट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। तो वहीं भारतीय जनता पार्टी से कांग्रेस में दीपक जोशी ओर वीरेंद्र रघुवंशी को मौका नहीं दिया है। इसी तरह गिरिजाशंकर शर्मा जैसे नेताओं का नाम है। हालांकि अभी इनकी दावेदारी वाली सीटों पर प्रत्याशी घोशित नहीं किए गए हैं।
बुधनी में विक्रम को बनाया प्रत्याशी
कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने बुधनी विधानसभा सीट से एक नया प्रयोग करते हुए पार्टी ने विक्रम मस्ताल को टिकट दिया गया है। विक्रम मस्ताल छोटे पर्दे के अभिनेता है। और वह साल 2008 में रामायण सीरियल में भगवान हनुमान का किरदार निभा चुके हैं। विक्रम मस्ताल को खुद पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। सदस्यता मिलने के बाद से ही वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बुधनी विधानसभा सीट में अधिक सक्रियता बनाए हुए थे। हालांकि विक्रम मस्ताल को मुख्यमंत्री के सामने कमजोर प्रत्याशी माना जा रहा है।
परिवारवाद भी दिखा
कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन में परिवारवाद भी साफ दिखाई दिया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह, भाई लक्ष्मणसिंह को भी टिकट दिया है। वहीं नेता प्रतिपक्ष डा गोविंद सिंह के भांजे राहुल भदौरिया, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू की पुत्री रीना बोरासी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के बेटे विक्रांत भूरिया, पूर्व मंत्री स्वर्गीय राव देशराज सिंह के बेटे यादवेन्द्र सिंह और पूर्व मंत्री कन्हैयालाल अग्रवाल के बेटे ऋशि अग्रवाल को भी टिकट दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें