गुरुवार, 23 अगस्त 2018

यात्राओं पर फूंके करोड़ों, नहीं आई कंपनियां

शोभा ओझा

प्रदेश कांगे्रस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा है कि शिवराजसिंह ने जनता के पैसों से अमेरिका, हॉलेंड, जापान, कोरिया, चीन, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका जैसे तीस-चालीस देशों की यात्राएं कीं. करोड़ों रुपए फूंके. बहाना बनाया कि विदेशी कंपनियां लाने जा रहे हैं. लेकिन ऐसी नीतियां नहीं बनायीं जिससे कम्पनियां मध्यप्रदेश आयें और कारोबार शुरू करें. रोजगार के अवसर पैदा हों.
शोभा ओझा ने कहा कि शिवराजसिंह ने बड़ी-बड़ी बातें की थीं कि कोरिया, जापान टाऊनशिप बनेगी. सिंगापुर टाऊनशिप बनेगी. चीनी कम्पनियों की टाऊनशिप बनेगी. दक्षिण अफ्रीका की कम्पनियों का प्रकोष्ठ बनेगा. अमेरिका-ब्रिटेन से कम्पनियां आयेंगी. प्रदेश के बेरोजगार युवा ढूंड़ रहे हैं कि कहां हैं ये कम्पनियां? उन्होंने मध्यप्रदेश के युवाओं के रोजगार के अवसर छीनकर भविष्य खराब कर दिया. युवाओं के सपनों को मारकर कहते घूमते हैं कि सपनों को नहीं मरने दूंगा. वे एक तरह का ढोंग करते हैं.  ओझा ने कहा कि कितनी बड़ी त्रासदी है कि मध्यप्रदेश में 16 लाख युवा बेरोजगार हैं. पिछले 14-15 सालों में तो सभी युवाओं को नौकरी मिल गयी होती, लेकिन बड़बोली शिवराज सरकार तो व्यापमं जैसे भ्रष्टाचार में डूबी थी. चैदह-पंद्रह साल उद्योगों के आने और स्थापित होने के लिये काफी समय होता है, लेकिन शिवराज सरकार को सिर्फ बातें करने से फुर्सत नहीं है. आज मध्यप्रदेश पिछड़ रहा है, लेकिन भाषणवीर झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं.
शोभा ओझा ने कहा कि अपनों को विदेशों की सैर कराने निवेश के नाम पर विदेशों की यात्राएं कीं. अब तक हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अनुसार प्रदेश में 90 लाख करोड़ के प्रस्ताव आ चुके हैं और 15 सौ से ज्यादा विदेशी कम्पनियां काम कर रही होना चाहिये. यदि इतनी कम्पनियां काम कर रही हैं तो कौन सी जमीन पर काम कर रही हैं? यदि इन कम्पनियों में एक साल में एक लाख को भी रोजगार मिला होता तो आज प्रदेश के हर युवा के हाथ में रोजगार होता. अब दिखावा करने रोजगार मेले लगाये गये. ओझा ने शिवराजसिंह के लिये कहा है कि वे युवाओं की बद्दुआ मत लें. व्यापमं में हजारों युवाओं का भविष्य पहले ही खराब कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि मंत्रियों, विधायकों से हमारे युवा पूछें कि कहां हैं ये कंपनियां? चलो सब मिलकर ढूंढ़ते हैं. शिवराजसिंह को छोड़ किसी को नहीं मालूम. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें