रविवार, 26 अगस्त 2018

राज्यपाल आनंदीबेन ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर शिवराज को बांधी राखी

 महिलाओं ने की लाल बस में नि:शुल्क यात्रा, मंदिरों में लगी रही भीड़
रक्षाबंधन के मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने मुख्यमंत्री निवास पहुंची. संभवत: यह पहला अवसर है जब किसी राज्यपाल का इस त्यौहार पर मुख्यमंत्री निवास में आगमन हुआ हो. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री चौहान को राखी बांधी और मिठाई खिलाई.  
राज्यपाल अपने काफिले के साथ दोपहर 12 बजे राजभवन से मुख्यमंत्री निवास पहुंची. राज्यपाल के मुख्यमंत्री निवास पहुंचने की खबर को काफी गोपनीय रखा गया था. मुख्यमंत्री निवासी में उनके आगमन को लेकर सुरक्षा बंदोबस्त और अन्य तैयारियां की गर्इं. राज्यपाल के मुख्यमंत्री पहुंचने से पहले ही गेट के बाहर सड़क पर चूने से सजावट और साफ-सफाई की गई. वहीं सुरक्षा अमला भी मुस्तैद था. राज्यपाल आधे घंटे से ज्यादा समय तक वहीं रहीं. 
राज्यपाल ने वितरित किए पुरष्कार
राज्यपाल के मुख्यमंत्री निवास जाने के पहले पहले राजभवन में आज राखी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और राजभवन का स्टाफ सुबह से ही सक्रिय रहा. राजभवन के स्टाफ के अधिकारी-कर्मचारियों के बच्चों के एक दिन पहले राखी मैकिंग काम्पटीशन रखा गया था. इस काम्पटीशन में शामिल हुए बच्चों को आज राज्यपाल ने पुरस्कार बांटें.
मंदिर पहुंचकर भगवान को बांधी रखी
राजधानी में रक्षाबंधन पर्व आज उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही घरों के अलावा मंदिरों में पूजा-अर्चना होती रही. लोगों ने मंदिर और घर में भगवान को राखी बांधी और उसके बाद बहनों ने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी. राजधानी के सभी मंदिरों में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई. राजधानी में आज बाजारों में भी भीड़ का नजारा दिखाई दिया. मिठाई की दुकानों के अलावा राखी की दुकानों पर खासा भीड़ नजर आई.
लाल बसों में महिलाओं ने किया मुफ्त में सफर
महापौर आलोक शर्मा ने आज शहर में चल रही लाल बसों में यात्रा कर रही महिलाओं से पूछा कि कंडेक्टर ने आपसे किराया तो नहीं मांगा. यात्रियों ने कहा कि आज रक्षाबंधन हैै आज बसों में किराया नहीं लिया जा रहा है. महापौर ने  महिलाओं से यह भी पूछा कि बसों में उनके साथ कोई अभ्रद व्यवहार तो नहीं किया जाता है, इस पर महिलाएं संतुष्ठ मिली. रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को आज लाल बस मुफ्त यात्रा करने की सुविधा उपलब्ध कराई. महिलाओं ने महापौर द्वारा दी गई नि:शुल्क यात्रा की सुविधा की पहल को सराहा.
 मनाया श्रावणी उपाकर्म पर्व
 ब्राह्मण समाज के सभी संगठन संगठनों ने आज एकजुटता का परिचय देते हुए शीतलदास की बगिया में श्रावणी पर्व हैमाद्रि पंच पंचगव्य स्नान कर अपने यज्ञोपवीत बदले. आचार्य रामकुमार देवरिया , पंडित जगदीश शर्मा, रूपनारायण शास्त्री ने विधि-विधान से सभी समाज बंधुओं को स्नान कराकर सभी के जनेऊ बदलवाए. कार्यक्रम में प्रमुख रुप से राकेश चतुर्वेदी पुष्पेंद्र मिश्रा,सुनील शास्त्री ,महेंद्र शर्मा, गोपाल स्वरूप दुबे ,अशोक बबेले, शिवनारायण शर्मा, संजीव शर्मा, कपिल शर्मा, वेदप्रकाश दुबे ,दिनेश तिवारी सहित सामाजिकबंधु उपस्थित थे.
जेल में भाईयों की कलाई पर बांधी राखी
जेल में बंद कैदियों को राखी बांधने के लिए उनकी बहनें पहुंचीं. सुबह से ही जेल के बार कतार लग गई थी. बहनों को एक-एक कर अंदर पहुंचाया गया. इस दौरान जेल प्रशासन ने इस आयोजन के लिए व्यवस्थाएं की थीं. जेल अधीक्षक दिनेश नरवरिया ने बताया कि जेल में आज रक्षा बंधन के लिए सभी माकूल प्रबंध किए गए हैं. जेल के बार टेंट लगाया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी लेने के बाद राखी बांधने आई बहनों को अंदर भेजा गया. जेल में बंद तीन हजार कैदियों में से करीब दो हजार कैदियों को उनकी बहनों ने राखी बांधी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें