मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों बादल छाए रहने और कई स्थानों पर बारिश के कारण तापमान भी काफी प्रभावित हुआ है. कई स्थानों पर जहां दिन में उमस बढ़ गई है, वहीं रात में ठंड का अहसास होने लगा है. तापमान कम हो जाने से पचमढ़ी, छिंदवाड़ा, उमरिया, मालवा के शहरों में रात के वक्त लोगों को चादर और कंबल का सहारा लेना पड़ रहा है.मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में तापमान में गिरावट आई है. रिमझिम फुहारों के कारण ज्यादातर जिलों का तापमान गिर गया है. गुरुवार को दिन का तापमान लगभग 24 डिग्री के आसपास बना हुआ है. जबकि 29 अगस्त तक इसके एक डिग्री तक बढ़ने की संभावना है.
खजुराहो में रातें हुई ठंडी
गर्मी में पर्यटकों को सबसे ज्यादा तपाने वाला खजुराहो अब ठंडा हो गया है. हालांकि दिन का तापमान अब भी 30 डिग्री बना हुआ है, जिस कारण लोगों को अब भी उमस का अहसास हो रहा है. लेकिन, रात का तापमान 25 डिग्री होने के कारण थोड़ी राहत मिल रही है. 29 अगस्त तक अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी की उम्मीद की जा रही है. इस गर्मी में 46 डिग्री तक तपाने वाला खंडवा भी अब 27 डिग्री पर आ गया है, जबकि रात का तापमान 22 डिग्री होने के कारण थोड़ी ठंडक बढ़ गई है. अगले सप्ताह तक बारिश नहीं होने के कारण तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है. हालांकि दिन में यहां थोड़ी गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं.
पचमढ़ी में सबसे कम तापमान
पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री पर पहुंच गया है, जबकि अधिकतम 22 डिग्री तापमान है. यहां आने वाले सैलानियों को दिन में तो ठंडक का अहसास हो ही रहा है रात में हल्की ठंड भी लग रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त तक यहां के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने की संभावना है. रात का तापमान 21 डिग्री और दिन का तापमान 24 डिग्री तक पहुंच सकता है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें