मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर में कहा कि सितंबर माह में शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. इसमें 50 प्रतिशत स्थान बेटियों के लिए होंगे. चौहान पृथ्वीपुर में 21 करोड़ से भी अधिक के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे.
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि संबल योजना प्रदेश में गरीबों की जिंदगी बदलने का अभियान है. राज्य सरकार ने गरीबों की जिंदगी को खुशहाल बनाने के लिए अपना खजाना खोल दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं है. सरकार जो कहती है, वह करती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों की तरह गरीबी हटाने का सिर्फ नारा नहीं ही नहीं दिया है, बल्कि गरीबों के साथ न्याय किया है. उन्होंने विकास और जन-कल्याण की राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पृथ्वीपुर क्षेत्र में 173 करोड़ लागत की समूह नल-जल योजना पूरी हो गई है. अब इस योजना से क्षेत्र के सभी 150 गांवों में नल के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा.
केन-बेतवा परियोजना से प्रदेश को भी मिलेगा पानी
चौहान ने कहा कि बान-सुजारा सिंचाई परियोजना से बुंदेलखंड के इस अंचल में हरियाली, खुशहाली और समृद्धि आएगी. केन-बेतवा परियोजना की चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश के हिस्से के पानी के बारे में उत्तरप्रदेश सरकार से बातचीत चल रही है. हमें अपने हिस्से का पानी मिलेगा, जिससे इस क्षेत्र की सिंचाई की तस्वीर ही बदल जाएगी. राज्य सरकार ने सिंचाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें