मंगलवार, 21 अगस्त 2018

अब दावेदारों को नई जिम्मेदारी

मध्यप्रदेश कांग्रेस अब टिकट के दावेदारों को नई जिम्मेदारी देने जा रही है. कांग्रेस द्वारा लगातार मतदाता सूची में नाम काटे जाने और फर्जी नामों के सामने आने पर यह कदम उठाया जा रहा है. पार्टी ने तय किया है कि दावेदारों को अब दावेदारी के साथ अपने क्षेत्र की मतदाता सूची में फर्जी मतदाताओं की जानकारी संगठन को देनी होगी.
मध्यप्रदेश कांग्रेस इस बार विधानसभा चुनाव में फूंक-फूंक कर कदम रख रही है. उपचुनाव के दौरान फर्जी मतदाताओं का मामला सामने आने के बाद से कांग्रेस वर्तमान में मतदाता सूची को लेकर लगातार सरकार को घेरते हुए निर्वाचन आयोग को शिकायत कर रही है. पूर्व मंत्री यादवेन्द्र सिंह का सूची से नाम काटे जाने के मामले के बाद अब कांग्रेस ने यह तय किया है कि हर विधानसभा क्षेत्र में पदाधिकारियों के अलावा दावेदारों को भी यह जिम्मेदारी सौंपी जाए कि वे फर्जी मतदाताओं के नाम की सूची बनाए और आयोग को शिकायत करें.
 सूत्रों की माने तो कांग्रेस ने इस मामले में मंथन के बाद यह तय किया है कि दावेदारों को यह कहा जाएगा कि वे जितने अच्छे और कार्यकुशलता से इस कार्य को अंजाम देंगे, उनकी दावेदारी उतनी मजबूत होगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें