सोमवार, 20 अगस्त 2018

राजीव गांधी ने भारत को विश्व के परिवर्तनों से जोड़ा : कमलनाथ

प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज स्वर्गीय राजीव गांधी के जन्मदिवस पर प्रदेश कांगे्रस मुख्यालय के सभागार में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में कहा कि राजीव जी की सोच आधुनिक थी और वे हमेशा इस बात का प्रयास करते रहते थे कि भारत को कैसे विश्व के परिवर्तन से जोड़ा जाए.
कमलनाथ ने कहा कि आज हम राजीव गांधी को 21 वीं सदी में भारत को ले जाने में उनके योगदान के लिए याद करते हैं. आज आईटी के क्षेत्र में विश्व में भारत का नाम सबसे आगे है. इस देश में आईटी के क्षेत्र में प्रतिभाओं की उपलब्धता सबसे अधिक है. विश्व के दूसरे देश आईटी के उत्पादों को आयात करते हैं, लेकिन भारत निर्यात करता है. राजीव जी ने सन 1985 में अपनी सोच, नजरिये और दृष्टिकोण से आईटी की बात करके देश को जब नयी दिशा दी तो भाजपा ने उनकी काफी आलोचना की थी. प्रतिपक्ष ने कहा था कि राजीव जी की यह सोच देश को बर्बाद कर देगी और बेरोजगारी बढ़ जाएगी, लेकिन आज परिणाम सबसे सामने हैं. राजीव जी का यह प्रयास आज 21 वीं सदी का सबसे बड़ा कदम है.
नाथ ने कहा कि राजीव गांधी ने एक और बढ़ा काम किया. उन्होंने व्यापार और निर्यात की नीति को एक ऐतिहासिक मोड़ दिया और परिवर्तन की शुरूआत की. उसके बाद से देश का निर्यात लगातार बढ़ने लगा. मुझे याद है सन 1980 में देश के सोने को एक बार मार्टगेज करना पड़ा था, लेकिन राजीव गांधी की नीतियों के कारण आगे चलकर हमारी विदेशी मुद्रा की क्षमता बढ़ गयी. आज यदि राजीव गांधी हमारे बीच होते तो ये देश और भी आगे होता.
डिजिटल इंडिया की नींव थी राजीव गांधी ने 
नेता प्रतिपक्ष  अजय सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया की नींव उन्होंने 30 साल पहले रख दी थी. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कम्प्यूटर क्रांति के जनक राजीव गांधी देश को आधुनिक तकनीक पर आधारित एक युवा राष्ट्र बनाना चाहते थे. उन्होंने तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाया और इसके द्वारा गरीबों को लाभ मिले यह सुनिश्चित किया.  21 वीं सदी का जो भारत हमें दिख रहा है इसमें बड़ा योगदान राजीव जी का है.  नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 4 साल पहले आए लोग 70 साल की आजादी और उसकी उपलब्धियों को भले ही नकार रहे हों लेकिन जिस लाल किले की प्राचीर से उन्हें भाषण देने का मौका मिला उस आजादी को दिलाने में कांग्रेस ने सर्वस्व न्यौछावर किया. सिंह ने कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे राजीव गांधी की जंयती पर कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाएं ताकि देश का लोकतंत्र सुरक्षित रहे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें