मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि राज्य सरकार समाज के किसान, गरीब और जरूरतमंद लोगों के जीवन को खुशहाल बनाने के लिए सभी संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी नहीं हटाई, बल्कि गरीबों को हटा दिया.यह बात मुख्यमंत्री ने जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान सागर में कही. उन्होंने प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से आग्रह किया कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं. चौहान ने इस मौके पर प्रदेश की तरक्की के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने सागर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस ने भी यहां पर काफी समय शासन किया, लेकिन कभी ऐसा विकास यहां देखने को नहीं मिला. कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को तबाह कर दिया था. आज गर्व है कि मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. कांगे्रस कहती रही गरीबी हटाओ, लेकिन गरीब ही हटा दिए. गरीबों के कल्याण के लिए हमने संबल बनाई. चार साल में कोई गरीब कच्चे मकान में नहीं रहेगा. जनता की जिंदगी बदलना ही मेरा और भारतीय जनता पार्टी की सरकार का लक्ष्य है.
देवरी में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम मध्यप्रदेश देवरी का, सागर का, मध्यप्रदेश का इतना विकास कर सकते हैं तो कांग्रेस 50 सालों में यह क्यों नहीं कर पाई? कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बर्बाद कर दिया था. न सड़क, न बिजली, न पानी. शिक्षा व्यवस्था भी चौपट कर दी थी. नवभारत के निर्माण के लिए, मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को चौथी बार जिताने का संकल्प ले कर मुझे आशीर्वाद दीजिए, ताकि मैं जनकल्याण के अपने लक्ष्य तक पहुंच सकूं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें