गुरुवार, 23 अगस्त 2018

आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को न दें वोट

 इलेक्शन वाच प्रदेश में चलाएगा अभियान

मध्यप्रदेश में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को वोट नहीं दिया जाए, इसके लिए मध्यप्रदेश इलेक्शन वाच एक अभियान चलाने जा रही है. इलेक्शन वाच ने दावा किया है कि   विधानसभा के 2013 के चुनाव में भाजपा से ज्यादा कांग्रेस के उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज थे.
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के निकट आते ही राज्य में सरकार के विरोध के अलावा अब दलों का विरोध किए जाने की तैयारी की जा रही है. दलों का विरोध चुनाव में आपराधिक पृष्ठभूमि वालों की उम्मीदवारों को लेकर किए जाने की तैयारी की जा रही है. राज्य में इलेक्शन वाच नामक संस्था द्वारा आपराधिक पृष्ठभूमि वालें उम्मीदवारों के खिलाफ मोर्चा खोला है. संस्था ने दावा कि है कि बीते 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से ज्यादा कांग्रेस के उम्मीदवार आपराधिक पृष्ठभूमि के थे. इलेक्शन वाच के पदाधिकारियों ने हाल ही में सभी राजनीतिक दलों  को पत्र भेजकर आग्रह किया है कि राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों की पूरी जानकारी सार्वजनिक करें. वाच ने अपने पत्र के साथ प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दलों के उन उम्मीदवारों की सूची भी संलग्न की है जिन पर आपराधिक मामले दर्ज होने के बाद भी पिछले चुनाव में उन्हें टिकट दिया गया. 
इलेक्शन वाच ने दावा किया है कि राज्य में 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 229 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिसमें से 61 पर आपराधिक और 37 पर गंभीर मामले दर्ज थे. वहीं कांग्रेस के 228 उम्मीदवारों में से 91 पर आपराधिक और 50 पर गंभीर मामले दर्ज थी. इसी तरह बहुजन समाज पार्टी के 226 उम्मीदवारों में से 54 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले थे, जिनमें से 33 पर गंभीर मामले दर्ज थे.
इलेक्शन वाच ने राजनीतिक दलों से फिलहाल तो अपील की है कि वे आपराधिक पृष्ठभूमि वालों को प्रत्याशी न बनाए. इसके लिए संस्था जल्द ही प्रदेश में एक अभियान भी चलाने वाली है, इस अभियान के तहत मतदाता को जागरुक किया जाएगा. साथ ही अभियान के दौरान मतदाता से अपील की जाएगी कि वे आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को वोट न दें. 
क्या है इलेक्शन वाच
मध्यप्रदेश इलेक्शन वाच, एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्मस संस्था के एक निष्पक्ष और गैर राजनीतिक रुप में काम करने वाली संस्था है, जो राजनीति में शुचिता और नैतिकता के लिए अभियान चलाती है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें