बुधवार, 29 अगस्त 2018

अपनों के नाम कटे तो करो शिकायत

सुहास भगत 
भाजपा ने अब प्रदेश में मतदाता सूची से कट रहे नामों के मामलों को गंभीरता से लेना शुरु कर दिया है. निर्वाचन आयोग के सामने शिकायत करने के बाद संगठन ने भी सक्रियता दिखाई है. भाजपा के संगठन मंत्री सुहास भगत ने जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस बात का ध्यान रखें कि अपने लोगों के नाम न कट पाएं, अगर ऐसा होता है तो इसकी शिकायत आयोग से करें. इसके पहले भाजपा पदाधिकारियों ने निर्वाचन आयोग को इस बात की शिकायत की थी कि मतदाता सूची से ऐसे नाम भी काट दिए गए हैं, जो पात्र मतदाता हैं.
संगठन महामंत्री भगत राजधानी में प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया, आईटी सेल, विधि प्रकोष्ठ, जिला कोषाध्यक्ष एवं जिला कार्यालय मंत्रियों की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे. प्रदेश संगठन महामंत्री ने जिला पदाधिकारियों से कहा कि  वे मतदाता सूची पर नजर रखें. अपने लोगों के नाम न कट पाएं, कोई शिकायत मिलती है तो  निर्वाचन पदाधिकारी के यहां दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि हर बूथ पर ऐसे कार्यकर्ता को तैनात करें जो सोशल मीडिया में पारंगत हो, जिससे कि प्रदेश से आने वाले संदेशों को निचले स्तर तक पहुंचाया जा सके.  
भगत ने कोषाध्यक्षों से चुनाव के दौरान हिसाब-किताब कैसे रखते हैं, इसकी जानकारी भी ली. उन्होंने बताया कि पार्टी प्रत्याशी के खर्चे का हिसाब अलग रखना है. इसके अलावा हर बूथ पर ऐसे कार्यकर्ता की तैनाती हो, जिसे सोशल मीडिया का काम अच्छी तरह आता हो, ताकि वह प्रदेश स्तर से मिलने वाले सभी संदेशों को हर मतदाता तक पहुंचा सके. 
यहां उल्लेखनीय है कि भाजपा पदाधिकारियों द्वारा निर्वाचन आयोग से मुलाकात कर यह शिकायत दर्ज कराई थी कि चुनाव से ऐन वक्त पहले बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, इससे चुनााव प्रक्रिया पर असर पड़ेगा. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें