पीएससी भर्ती घोटाले में मुख्य आरोपी डा. जगदीश सागर की डायरी में मामाजी और वीआईपी शब्दों को लेकर कांग्रेस सड़क पर आ गई है. राजधानी में भोपाल के कार्यकर्ता उग्र प्रदर्शन करते हुए पुलिस द्वारा लगाए गए बेरिकेट्स लांघते हुए प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड पीईबी के भवन तक पहुंच गए. अंदर घुसने की कोशिश कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को लाठियां घुमाना पड़ीं. इसके चलते पुलिस और कांग्रेसियों में जमकर धक्का मुक्की और खींचतान भी मची रही.
मुख्यमंत्री पर लेनदेन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा और महामंत्री पीसी शर्मा के नेतृत्व में छह नंबर स्टाप से जुलूस निकाला. मामाजी, जगदीश सागर से कितना मोटा माल लिया जवाब दो की तख्तियां लेकर निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने छह नंबर के आगे ही बेरिकेट्स लगा रखे थे. व्यापमं चौराहे के ऊपर भी पुलिस ने सुरक्षा के प्रबंध किए थे. मगर उग्र हुए कांग्रेसजनों ने दोनों बेरिकेट्स तोड़ दिए. नारेबाजी करते हुए सभी व्यापमं चौराहे तक जा पहुंचे, इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने प्रयास किए तो धक्का मुक्की होने लगी. महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कंसाना, पार्षद गुड्डू चौहान, युवा नेता मनोज शुक्ला आदि के साथ पुलिस से जमकर झड़प हुई. उग्र हो रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को लाठियां घुमाना पड़ीं. बावजूद इसके सभी प्रदर्शनकारी व्यापमं के गेट तक पहुंच गए, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ना शुरू कर दिया. नाराज कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठकर प्रदर्शन करते रहे. प्रदर्शन में मोहम्मद सगीर, आभा सिंह, विभा पटेल, आनंद तारण, गुड्डू चौहान, मनोज शुक्ला, राहुल राठौर, कुंदन पंजाबी, महेश मालवीय, मंगल सिंह यादव,दीपक गुप्ता, मुजाहिद कुरैशी, सुरेश भागचंदानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें