विंध्य में बदलेंगे राजनीतिक समीकरण
भोपाल। मैहर से विधायक रहे नारायण त्रिपाठी की पार्टी को चुनाव आयोग ने नया निशान दे दिया है। आयोग ने त्रिपाठी की पार्टी विंध्य जनता पार्टी को दो गन्ना, एक किसान चुनाव चिन्ह आवंटित किया है। संभावना जताई जा रही है कि त्रिपाठी अपनी ही पार्टी से इस बार मैहर से चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल उन्होंने इसका खुलासा नहीं किया कि उनकी पार्टी विंध्य में कितने प्रत्याशी मैदान में उतार रही है।
भाजपा से इस्तीफा देने के बाद मैहर से विधायक रहे नारायण त्रिपाठी की पार्टी विंध्य जनता पार्टी को चुनाव आयोग ने चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया है। भाजपा ने उनका टिकट काटकर श्रीकांत चतुर्वेदी को दिया था। इसके बाद त्रिपाठी ने भाजपा और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस दौरान कयास ये लगाए जा रहे थे कि वे कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे, मगर वहां बात नहीं बनी। इसके चलते मामला अटक गया। सूत्रों की माने तो त्रिपाठी ने अब अपनी ही पार्टी विंध्य जनता पार्टी से विंध्य अंचल में चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। पृथक विंध्य की मांग को लेकर शुरू किए आंदोलन के दौरान ही उन्होंने अपनी पार्टी का गठन कर लिया था। इस दौरान जब उनके आंदोलन को भाजपा का समर्थन नहीं मिला तब ही उन्हें इस बात के संकेत हो गए थे कि भाजपा इस बार उनका टिकट काटेगी। इसके चलते उन्होंने पहले से यह मन बना लिया था कि वे चुनाव तो लड़ेंगे।
बदल ली प्रोफाइल
चुनाव आयोग द्वारा पार्टी को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाने के बाद त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल बदल ली है। उन्होंने अपनी पार्टी के चुनाव चिन्ह के साथ अपना फोटो अपडेट कर दिया है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि वे विंध्य में अपनी पार्टी के उम्मीदवार मैदान में उतारेंगे।
विंध्य में बिगड़ेंगे समीकरण
त्रिपाठी के अलग पार्टी बनाकर मैदान में उतरने से विंध्य में राजनीतिक समीकरण बिगड़ने के आसार है। पृथक विंध्य की मांग को लेकर उनके आंदोलन को विंध्य अंचल के जिलों में खासा समर्थन मिला था। इसके बाद से ही त्रिपाठी ने अपनी इस मांग को बुलंद करना शुरू कर दिया था। बीते चुनाव 2018 में भाजपा को विंध्य की 30 सीटों में से 24 सीटें मिली थी। मगर इस बार स्थिति बदलती नजर आ रही है। त्रिपाठी ब्राह्मण वर्ग से हैं और उन्हें ब्राम्हणों का खासा समर्थन मिलेगा। साथ ही भाजपा के नाराज नेता भी उनका साथ देते नजर आएंगे। कांग्रेस के बजाय इस अंचल में भाजपा को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है। बसपा, सपा और आम आदमी पार्टी के अलावा अब यहां के वोट बैंक में विंध्य जनता पार्टी भी सेंधमारी करेगी।

पूरे मध्य प्रदेश में पार्टी का विस्तार करें पूरे मध्य प्रदेश में पार्टी का विस्तार करें पूरे मध्य प्रदेश में पार्टी का विस्तार करें
जवाब देंहटाएंVishnu Sharma Bhind
जवाब देंहटाएं