सोमवार, 20 मई 2019

पसंद आया नए भारत के निर्माण का रोड मैप

 विपक्ष के नकारात्मक अभियान के कारण बढ़ा मतदान प्रतिशत

 प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खींचे गए नए भारत के निर्माण के खाके को न केवल ठीक से समझा है, बल्कि वह उसके समर्थन में आगे भी आ रही है. यही वजह है कि नव मतदाताओं के साथ समाज के हर वर्ग के लोग अपना वोट देने बाहर निकले हैं, जिसके चलते प्रदेश में मतदान प्रतिशत में 10 फीसदी की अभूतपूर्व वृद्धि हुई है.
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह ने मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए हुए मतदान में गत चुनाव की अपेक्षा 10 प्रतिशत की वृद्धि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही. उन्होंने कहा कि  पूरे देश से जो एक्जिट पोल के नतीजे आ रहे हैं वह भी भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बना रहे हैं. हमारा विश्वास है कि भाजपा 300 से अधिक और एनडीए साढ़े तीन सौ अधिक सीटें जीत कर एक मजबूत सरकार बनाएगा. मध्यप्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी पिछली बार से अधिक सीटें लाकर जबरदस्त प्रदर्शन करने जा रही है. 
प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि पिछले पांच सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की सरकार ने भारत को एक सुरक्षित, स्वाभिमानी, स्वच्छ और स्वाबलंबी देश बनाने के लिए वास्तविक प्रयास किए हैं और इन प्रयासों के नतीजे देश की जनता ने देखे भी हैं. इसके अलावा प्रधानमंत्री  मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष  अमित शाह और अन्य नेताओं ने अपनी सभाओं के माध्यम से युवा मतदाताओं में एक नए भारत के उदय, एक सुरक्षित, स्वाभिमानी और विकसित भारत के निर्माण की जो आस जगाई, वो आज के युवा मतदाताओं की सोच से मेल खाती है. यही वजह रही कि नव मतदाताओं, युवा मतदाताओं ने बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान किया.  सिंह ने कहा कि मतदान बढ़ने की एक और वजह कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों का नकारात्मक चुनाव अभियान भी रहा, जिसके जरिए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की छवि को खराब करने का प्रयास किया गया. मतदाताओं ने विपक्ष के इस अभियान को राष्ट्रवाद के प्रति अपराध के तौर पर देखा और अपने वोट से विपक्षी दलों को सबक सिखाने का प्रयास किया है.
कानून व्यवस्था को आईना दिखा रहे कांग्रेसी
प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह ने इंदौर के सांवेर में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या को लेकर कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को कांग्रेस के नेता आईना दिखा रहे हैं. कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को अपनी जेब में रख लिया है. आचार संहिता लगी होने के बाद भी कांग्रेस के नेताओं के हौसले इतने बुंलद हैं कि वे दिन-दहाड़े भाजपा को वोट देने वाले मतदाता का खून कर देते हैं. ये घटना बेहद निंदनीय है और इस तरह की घटनाओं की भाजपा निंदा करती है. सिंह ने कहा है कि यदि शीघ्र अपराधियों को पकड़कर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो हम सरकार को चैन से नहीं रहने देंगे.




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें