मंगलवार, 7 मई 2019

भोपाल में अमित शाह का रोड शो आज, तैयारी पूरी



भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कल 8 मई को भोपाल आएंगे, यहां वे रोड शो करेंगे. रोड शो की तैयारी भाजपा ने की है.  
भोपाल लोकसभा क्षेत्र में 12 मई को मतदान होना है. इसे देखते हुए अब प्रमुख पार्टियां क्षेत्रों में पूरी ताकत झोंक रही हैं. इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी भोपाल आ रहे हैं.  भाजपा के प्रदेश कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 8 मई की दोपहर में इंदौर आएंगे, जहां से वे हेलिकाप्टर से उज्जैन रवाना होंगे. उज्जैन में सभा को संबोधित करने के बाद अमित शाह भोपाल पहुंचेंगे.  
भोपाल मेंं वे पार्टी की लोकसभा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा के समर्थन में रोड शो करेंगे. रोड शो नरेला विधानसभा के चांदबड़ में शाम 7 बजे से शुरू होगा. राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस रोड शो को लेकर भाजपा में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. सोमवार रात को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का रोड शो खत्म होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता चांदबड़ पहुंचे.  यहां उन्होंने रोड शो का पूरा रूट देखा और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली. नेताओं की इस टीम में राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, स्थानीय विधायक विश्वास सारंग आदि शामिल थे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें