रविवार, 12 मई 2019

कांग्रेस बेईमान है, जनता सबक सिखाएगी

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा
कांग्रेस की परंपरा हमेशा से बेईमानी की रही है. इन्होंने देश के साथ बेईमानी की और अब प्रदेश एवं प्रदेश की जनता के साथ भी बेईमानी कर रहे हैं. ऐसे बेईमानों को तो जनता ही सबक सिखाएगी. अब इन बेईमानों की बातों में नहीं आना है. 
ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही. वे रविवार को बडवानी, खरगौन लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने सेंधवा के बलवाड़ी, बड़वानी के सिलाबद और भगवानपुरा के कैली में पार्टी प्रत्याशी  गजेन्द्र सिंह पटेल के समर्थन में सभाओं को संबोधित किया. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद कई वर्षों तक देश पर राज्य किया, लेकिन देशहित में इन्होंने कोई काम नहीं किया. जब देश पर आतंकी हमले होते थे तो इनकी सरकारें उन हमलों का बदला लेने में नाकामयाब रही. इनके प्रधानमंत्री आतंकवाद का जबाव तक नहीं दे पाए. जब पाकिस्तान के आतंकवादी हमारे शहीदों के सम्मान के साथ खेलते थे तो इनकी सरकारें कुछ नहीं कर पाईं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे आतंकवादियों और पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया है कि अब उन्हें भारत की तरफ देखने में भी डर लगता है. पाकिस्तान को खौफ रहता है. प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर सबक सिखाया है, इसलिए अब देश को सुरक्षित हाथों में सौंपना है. 
पहले कलम की ताकत थी, अब लड़कर काम करेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं कमजोर नहीं हूं, पद नहीं हुआ तो क्या हुआ. पहले हमारे पास कलम की ताकत थी और उसके दम पर काम करते थे, लेकिन अब हम लड़कर काम करेंगे. यदि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को परेशान किया, उनसे किए गए वादे पूरे नहीं किए तो हम उनकी ईंट से ईंट बजा देंगे. डरने की बात नहीं है, टाईगर अभी जिंदा है.
हम आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन कांग्रेस खिलाफ है
 पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी वर्गों के लिए आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन कांग्रेस की सरकार आरक्षण के खिलाफ हैं. ये देशहित में काम नहीं करना चाहते. इन्होंने सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की है और देश को जातियों में बांटकर अपना हित साधा है. हम सबका साथ, सबका विकास की बातें करते हैं, सब आगे बढ़े, ऐसी योजनाएं बनाते हैं, लेकिन इन्हें सिर्फ अपनी कुर्सियां नजर आती हैं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें