लखनऊ से कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद कृष्णम ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का अपमान करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निंदा की है. आचार्य प्रमोद ने भाजपा पर हिंदुओं के साथ सबसे बड़ा धोखा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार तीन तलाक पर तो तीन बार विधेयक ले आई, लेकिन राम मंदिर के लिए एक बार भी कोशिश नहीं की.आचार्य प्रमोद कृष्णम ने यह बात आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही. उन्होंने कहा कि हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ करने के कारण देश के साधु-संत भाजपा से नाराज हैं और कांग्रेस के लिए घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं. उन्होंने कहा कि भोपाल की लोकसभा सीट इस बार एक परीक्षा है. इस सीट की हार-जीत से ही देश का भविष्य तय होगा. इस सीट के रिजल्ट से पता चलेगा कि यह देश महात्मा गांधी के विचारों पर चलेगा या आतंकवाद के आरोपी की विचारधारा से. कृष्णम ने कहा कि मुझे लगता है कि भाजपा को भोपाल में हार का डर है, इसलिए उसने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सामने आतंकवाद के आरोपों से घिरी प्रत्याशी को मैदान में उतारा है. उन्होंने कहाकि भाजपा ने कभी भगवान राम तो कभी गाय के नाम पर हिंदुओं को धोखा दिया है. भाजपा गांधी की विचारधारा को फालो नहीं करती, वो तो धर्म को हिंसा का रूप मानती है. इसीलिए भाजपा ने भोपाल से ऐसा प्रत्याशी दिया है. उन्होंने कहाकि मेरी नजर में पूर्व मुख्यमंत्री संत हैं और मैं भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर को साध्वी नहीं मानता. वह केवल कपड़ों से साध्वी का रूप धारण किए हुए है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें