रविवार, 26 मई 2019

प्रवक्ताओं के टीवी डिबेट्स पर लगाएं रोक



लोकसभा चुनाव में भिंड संसदीय क्षेत्र से हारे कांग्रेस प्रत्याशी देवाशीष जरारिया ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मांग की है कि वे कांग्रेस प्रवक्ताओं के टीवी डिबेट्स में शामिल होने पर रोक लगाएं. जरारिया ने इस आशय का पत्र राहुल गांधी को लिखा है.
भिंड संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे देवाशीष जरारिया ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को एक पत्र लिखा है. पत्र में  उन्होंने लिखा है कि ‘मैं व्यक्तिगत रूप से मानता हूं कि सभी विपक्षी दलों को अपने प्रवक्ता पद समाप्त कर देने चाहिए या उनका दायित्व बदल देना चाहिए और कोई आधिकारिक प्रवक्ता को किसी भी टीवी चैनल की बहस पर नहीं भेजना चाहिए. अगर कोई समसामयिक मुद्दा उठाना हो तो वरिष्ठ नेताओं को केवल प्रेस कांफ्रेंस करनी चाहिए. उन्होंने पत्र में लिखा है कि मीडिया पर विपक्षी दलों के लिए कोई स्पेस नहीं है. अत: वहां जाना स्वयं को नुकसान पहुंचाने जैसा ही है.’  देवाशीष का तर्क है कि उन्होंने 5 सालों में 600 से ज्यादा नेशनल चैनल की डिबेट्स में हिस्सा लिया है, जिसमें देश के नेशनल मीडिया एकपक्षीय माहौल बनाते है'.
उल्लेखनीय है कि उत्तरप्रदेश समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा समाजवादी पार्टी के प्रवक्ताओं पर इस तरह की रोक लगाई गई है. अखिलेश यादव ने इस संबंध में इलेक्ट्रानिक मीडिया के सभी ब्यूरो प्रमुखाओं को पत्र लिखकर मांग भी की है कि वे टीवी डिबेट्स में सपा के प्रवक्ताओं को न बुलाएं.
वापस किया प्रवक्ता पद
देवाशीष ने पत्र में लिखा है कि मैं एक कांग्रेसी होने के नाते और सच्चे भारतीय होने के नाते गांव-गांव, शहर-शहर जनता से संवाद करना पसंद करुंगा, लेकिन प्रोपेगंडा चलाने वाले गोदी मीडिया के टीवी डिबेट्स पर मैं नहीं जाऊंगा. उन्होंने कहा कि इस पत्र पर मैं आपका जवाब अपेक्षित रखता हूं और जवाब मिलने तक ससममान मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पद को वापस करता हूं. उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि अगर पार्टी को पद देगी तो मैं उसके साथ कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव, शहर-शहर पहुंचाने के लिए काम करूंगा. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें