गुरुवार, 16 मई 2019

पुत्र ने कर दी मां-बाप और पत्नी की हत्या


मध्यप्रदेश के राजधानी भोपाल से सटे रायसेन जिले के बरेली से 13 किलोमीटर दूर ग्राम सेमरी घाट में एक पुत्र ने अपने माता-पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर निर्मम हत्या कर दी. घटना बुधवार-गुरूवार की दरमियानी रात लगभग डेढ़ बजे की बताई जा रही है. पारिवारिक विवाद में गुस्से से आग बबूला आरोपी ने अपने 6 वर्षीय पुत्र पर भी प्राणघातक हमला किया है. घटना के बाद आरोपी युवक भाग गया.
पुलिस के अनुसार रायसेन जिले के बरेली से करीब 13 किलोमीटर दूर बसे ग्राम सेमरीघाट में जितेन्द्र पुर्विया नामक युवक किसानी का काम करता है. जितेन्द्र के परिवार में  उसके पिता जालम सिंह (60) माता शारदा बाई (55) पत्नी सुनीता बाई  (30) और एक छह वर्षीय बेटा है. पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात को किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ, जिसके चलते आरोपी ने पत्नी को कुल्हाड़ी मार दी. चीख पुकार सुनकर माता-पिता बीच-बचाव के लिए आए तो आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया. इस बीच  बेटा वहां आया तो उस पर भी प्राण घातक हमला कर दिया. वारदात के बाद आरोपी भाग गया. बाद में गांव के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और चारों को अस्पताल पहुंचाया जहां जालम सिंह, शारदा बाई और सुनीता बाई को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला  गांव पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया और ग्रामीणों से पूछताछ भी की. पुलिस का कहना है कि कहना है कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है. आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है, उसकी तलाश में टीमें लगा दी गई हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें