सोमवार, 6 मई 2019

शिवराज को सौंपेंगे कर्ज माफ किए किसानों की सूची


 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने भाषणों में किसानों के सामने झूठ परोस रहे हैं. प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 21 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया है. जिन किसानों का कर्ज माफ किया गया उनकी सूची कल मंगलवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल शिवराज सिंह चौहान को सौंपेगा. 
यह बात कांग्रेस की मीडिया विभाग की प्रभारी शोभा ओझा और मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने कही. उन्होंने बताया कि जय जवान जय किसान ऋण माफी योजना के तहत कुल 55 लाख किसानों के 2 लाख तक के कर्ज माफ होना है. आचार संहिता लगने के पूर्व करीब 21 लाख किसानों के कर्ज माफ हो चुके हैं, उन्हें कर्ज़ माफी के प्रमाण पत्र भी दिए जा चुके हैं. आचार संहिता के बाद शेष बचे किसानों के भी अपने वचन पत्र के वादे के मुताबिक कांग्रेस सरकार कर्ज माफ करेगी.
 कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और तमाम भाजपा नेता अपनी सभाओं में अपने भाषण में कर्ज माफी को लेकर झूठ परोस रहे हैं कि अभी तक एक भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ है. भाजपा झूठ, भ्रम फैलाने में माहिर है. लेकिन कांग्रेस की कर्ज माफी के गवाह प्रदेश के 21 लाख किसान हैं और बाकी किसान भी आश्वस्त हैं कि 21 लाख किसानों का वादे के मुताबिक कांग्रेस सरकार ने कर्ज माफ किया है तो बाकी किसानों का भी कर्ज जरूर माफ होगा. कांग्रेस निरंतर कर्ज माफी को लेकर सच्चाई जनता व किसान भाइयों के बीच लेकर जा रही है.
उन्होंने बताया कि भाजपा के लोगों द्वारा लगातार कर्ज माफी को लेकर परोसे जा रहे झूठ व भ्रम को देखते हुए कल 7 मई, मंगलवार को सुबह 9 बजे कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी की अगुवाई में अभी तक कर्ज माफ हुए 21 लाख किसानों की सूची सौपने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनके निवास जाएगा. उन्हें कर्ज माफी वाले किसानों के नाम, पते, कर्ज माफ की गई राशि, बैंक का नाम, दिनांक, उनके मोबाइल नंबर वाली प्रमाणित सूची सौंपकर उन्हें वास्तविकता से अवगत कराते हुए बताएगा कि आप कर्ज माफी पर झूठ परोसना बंद करे. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें