सोमवार, 6 मई 2019

बिजली कटौती का विरोध, निकाली लालटेन यात्रा

 शिवराज सिंह चौहान ने कहा नाकामियों का ठीकरा भाजपा पर फोड़ रही कांग्रेस 

राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं के साथ बिजली कटौती का विरोध करते हुए लालटेन यात्रा निकाली.पंचशील नगर से निकाली गई इस यात्रा में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. 
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी में  भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश भर में हो रही भारी बिजली कटौती के विरोध में कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ भोपाल में लालटेन यात्रा निकालकर सरकार को बिजली कटौती को लेकर सख्त लहजे में चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों का ठीकरा भाजपा पर फोड़ रही है. इनके मिस्टर बंटाढ़ार अपनी सभाओं में जनरेटर लेकर पहुंच रहे हैं. लाइट चली जाती है तो कहते हैं कि ये भाजपा वालों की कोई चाल है. वे ही बिजली कटवा रहे हैं.  भाजपा ने कांग्रेस सरकार में हो रही बिजली कटौती का विरोध जताया. विरोध स्वरूप भाजपा ने पंचशील नगर में लालटेन यात्रा निकाली. इस यात्रा में मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं तथा नागरिकों ने हाथों में लालटेन लेकर कमलनाथ सरकार द्वारा की जा रही बिजली कटौती का पुरजोर विरोध किया.
15 साल से भूखे थे 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कांग्रेस की सरकार 15 सालों की भूखी सरकार थी. सत्ता मिलते ही प्रदेश को बर्बाद करने पर टूट पड़े हैं. न तो प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कंट्रोल कर पा रहे हैं, न ही ये मासूम बेटियों के साथ हो रही दंरिदगी को रोक पा रहे हैं. हमने ये अपराधियों के लिए फांसी देने का कानून लाए, लेकिन ये निकम्मी सरकार कुछ नहीं कर पा रही है. 
मिस्टर बंटाढ़ार रिटर्न 
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले मिस्टर बंटाढार ने प्रदेश को गर्त में पहुंचा दिया है और अब लग रहा है कि मिस्टर बंटाढ़ार रिटर्न हो गए हैं. उन्होंने कहा कि जब केंद्र में इनकी सरकार थी तो एक खानदान के लोगों ने देश को पलीता लगाया. इनकी सरकारों में जमकर घपले-घोटाले हुए, लेकिन केंद्र में मोदी सरकार के कार्यकाल में एक भी भ्रष्टाचार का मामला नहीं आया और अब इन भ्रष्टाचारियों को डर लग रहा है कि उनका क्या होगा. इसलिए सभी घोटालेबाज एक ही मंच पर आकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देना चाहते हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें