
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महापौर आलोक शर्मा ने राज्य के अल्पसंख्यक मंत्री आरिफ अकील के भाई पर पोलिंग एजेंट को हथियार स ेमारने की धमकी देने का आरोप लगाया. उन्होंने इस आशय की शिकायत भी पुलिस को की है.
राजधानी भोपाल के डीआईजी बंगला स्थित मतदान केन्द्र पर हंगामा हो गया, यहां मतदान को लेकर भोपाल महापौर आलोक शर्मा का कमलनाथ सरकार में मंत्री आरिफ अकील के भाई से विवाद हो गया. बताया जाता है कि पोलिंग बूथ क्रमांक 152 और 155 पर पोलिंग एजेंटों को हथियार से मारने की धमकी दी गई, इसके बाद शर्मा वहां पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि अकील के भाई आमिर ने पोलिंग एजेंट को उठा दिया और बाहर निकालते हुए गाली गलौज की थी. उन्होंने इस मामले में थाने पहुंचकर शिकायत भी दर्ज कराई. इसके अलावा भोपाल के कला निकेतन अलाउद्दीन मतदान केंद्र में भी हंगामे की खबर आई. यहां पुलिस कर्मियों पर आरोप लगा कि उन्होंने लाइन में लगे वोटरों से अभद्र व्यवहार किया. लोगों का आरोप है कि पुलिस वाले ने उन्हें शूट करने की धमकी दी.
आचार संहिता के उल्लंघन में उलझे भोपाल के महापौर
भोपाल नगर निगम के महापौर आलोक शर्मा आचार संहिता उल्लंघन के मामले में उलझ गए. उन्होंने अपनी जैकेट पर भाजपा का चुनाव चिन्ह एवं गले में भाजपा के झंडे के रंग का गमछा डालकर मतदान किया, इसकी फोटो और वीडियो भी वायरल हुए हैं. आज सुबह भोपाल के महापौर आलोक शर्मा अपने परिवार के साथ भोपाल उत्तर विधानसभा के एक पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कमल के फूल वाला बैच अपने कपड़े पर लगाया हुआ था. इतना ही नहीं उन्होंने केसरिया गमछा भी कंधे पर रखा था. इसका एक वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस हरकत में आई है और चुनाव आयोग से महापौर आलोक शर्मा की शिकायत कराने की बात कही है. कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा के मुताबिक, भोपाल के महापौर आलोक शर्मा भाजपा का चुनाव चिन्ह लगाकर मतदान किया है. वो पार्टी का चिन्ह लेकर बूथ के अंदर गए थे. जबकि निर्वाचन आयोग के नियमों के मुताबिक मतदान केंद्र के अंदर और आस-पास भी प्रचार सामग्री या प्रचार करना प्रतिबंधित है. ऐसे में उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें