गुरुवार, 9 मई 2019

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा पर दर्ज हुई एफआईआर



लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. शर्मा पर विधानसभा चुनाव के दौरान सिंधी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है.
बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान रामेश्वर शर्मा ने सिंधी समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. शर्मा का टिप्पणी वाला आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. बैरागढ़ के युवा कांग्रेस नेता सोनू तोमर ने इसके बाद बैरागढ़ थाने में रामेश्वर शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी. जांच के बाद पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर ली है.
उल्लेखनीय  है कि शर्मा भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं. विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने भी इस सीट से सिंधी समाज से जुड़े नरेश ज्ञानचंदानी को अपना प्रत्याशी बनाया था. प्रचार के दौरान रामेश्वर शर्मा ने उन्हें निशाना बनाते हुए सिंधी समाज पर अशोभनीय टिप्पणी की थी. इसे को लेकर सिंधी समाज गुस्से में था.समाज ने बंद भी बुलाया था और धरना भी दिया था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें