मंगलवार, 7 मई 2019

कांग्रेस ने कर्ज माफी के सबूत दिए शिवराज को


मध्यप्रदेश में दूसरे चरण का मतदान समाप्त होते ही राजनीति गर्मा गई है. राजधानी में आज कांग्रेस ने भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोला है. कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज चौहान के निवास पर जाकर किसान कर्ज माफी की सूची सौंपी है. कांग्रेस ने दावा किया है कि इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और पूर्व मंत्री कमल पटेल की पत्नी के नाम भी शामिल हैं, जिनका भी कर्ज माफ हुआ है.
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर उन किसानों के दस्तावेजों के साथ पहुंचा, जिनके ऋण वर्तमान राज्य सरकार ने माफ कर दिए हैं. कांग्रेस के नेताओं के शिवराज के घर पहुंचने के पहले उनके आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. किसान कर्ज माफी की सूची सौंपने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से कहा कि हमने आज शिवराज सिंह चौहान को पूरी सूची सौंप दी है. इसमें 21 लाख उन किसानों के नाम हैं, जिनके कर्ज माफ किए गए हैं. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान और भाजपा नेताओं को अब तो झूठ नहीं बोलना चाहिए. कांग्रेस का दावा है कि पूर्व मंत्री कमल पटेल की पत्नी का भी कर्ज माफ किया गया है. कांग्रेस के मुताबिक कर्ज माफी की सूची में शिवराज सिंह चौहान के रिश्तेदारों का भी नाम शामिल है. कांग्रेस कार्यकर्ता गाडियों में कर्जमाफी से जुड़े सर्टिफिकेट और फाइलों के बंडल लेकर पहुंचे थे. इस सूची में किसानों का नाम, उनके मोबाइल नंबर, जिस बैंक से लोन लिया गया था, उसकी सारी जानकारी है.
भाजपा लोगों को कर रही गुमराह
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, किसानों की कर्जमाफी का मामला छिपा नहीं है. सारी जानकारी आनलाइन दर्ज है. शिवराज सिंह और भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है. झूठ परोस रही है, इसलिए हमने आज शिवराज सिंह को किसानों की कर्जमाफी से जुड़ी जानकारी दी है. उन्होंने शिवराज सिंह पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि, जब वो सत्ता में थे तो उन्होंने किसानों का पचास हजार तक का कर्जा माफ करने की बात कही थी, लेकिन वो वादा नहीं पूरा हुआ.
 मैं फिर कहूंगा नहीं हुआ किसान का कर्ज माफ: शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के कर्ज माफी को सिर्फ धोखा और छलावा करार दिया है. शिवराज ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को सिर्फ छला है. शिवराज का कहना है कि उन्होंने शिष्टाचार के नाते कांग्रेस नेताओं से अपने आवास में मुलाकात की थी, लेकिन जब कर्ज माफी के सवालों का उन्हें जवाब देते नहीं बन रहा है तो वो इस तरह की हरकतें कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज जो सूची उन्हें सौंपी है, वह कृषि विभाग की सूची है, उन्हें बैंक की सूची देनी चाहिए, कर्ज तो बैंकों ने माफ किए होंगे. उन्होंने कहा कि मैं फिर कहूंगा कि किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें