रविवार, 26 मई 2019

कैलाश को गले लगा रो पड़े शिवराज सिंह


मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित निवास पर आज मुख्यमंत्री कमलनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित भाजपा एवं कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर चौहान के पिता के निधन पर सांत्वना दी. जब विजयवर्गीय चौहान के निवास पर पहुंचे तो शिवराज सिंह उनसे गले लगकर फफक-फफक कर रो पड़े.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पिता प्रेम सिंह चौहान का कल शनिवार को निधन हो गया था. वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. आज रविवार को उनके शव को जनता के दर्शन के लिए शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित बंगले पर रखा गया था. बड़ी संख्या में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने वहां पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसी दौरान कैलाश विजयवर्गीय भी शिवराज सिंह चौहान के भोपाल के बंगले पर पहुंचे तो कैलाश विजयवर्गीय को देखते ही शिवराज सिंह चौहान उनके गले लगे और फफक-फफक रो पड़े. इस दृश्य को जिसने भी देखा उसकी आंखे नम हो गई. 
चौहान के पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ भी शिवराज के निवास पर पहुंचे, उन्होंने वहां जाते ही शिवराज के कंधे पर हाथ रखा और दूसरे हाथ से शिवराज के हाथों को थामा और उन्हें ढ़ांढ़स बंधाया. इस मौके पर शिवराज की पत्नी साधना सिंह भी वहीं मौजूद थी. चौहान के निवास पर आज दिग्विजय सिंह, उमाभारती, प्रभात झा, प्रहलाद पटेल के अलावा भाजपा और कांग्रेस के अलावा अन्य राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने पहुंचकर चौहान के पिता के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर अपनी श्रद्धांजलि दी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें