मध्यप्रदेश पुलिस की नारकोटिक्स शाखा द्वारा अवैध मादक पदार्थों की जब्ती के लिए चलाये जा रहे 'आॅपरेशन शिकंजा अभियान' के तहत नारकोटिक्स विंग मंदसौर ने एक ट्रक से लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपए कीमत का 4 टन डोडा चूरा जब्त किया है. साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर खल-कपासिया के 40 बोरियां और ट्रक भी जब्त कर लिया है.
पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स अजय कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रदेशव्यापी 'आॅपरेशन शिकंजा अभियान' चलाया जा रहा है. पिछले चार साल में नारकोटिक्स विंग मंदसौर के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थो की एक साथ यह सबसे बड़ी जब्ती बताई जा रही है. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स अजय कुमार शर्मा ने बताया कि मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर नारकोटिक्स प्रकोष्ठ मंदसौर ने डोडा चूरा भरकर ले जा रहे एक ट्रक को नीमच जिले के अंतर्गत टोकड़ा फंटा सिंगोली- बेगू आम रोड पर नाकाबंदी कर पकड़ा. ट्रक की तलाशी ली जाने पर उसके भीतर प्लास्टिक की 200 बोरियों में लगभग 4 टन अवैध मादक पदार्थ डोडा-चूरा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपए आंकी गई है.इस ट्रक से लगभग 40 हजार रुपए कीमत का 40 बोरियों में रखा खल-कपासिया एवं आरोपी से दो मोबाईल फोन व नगदी भी बरामद की गई है. ट्रक,डोडा-चूरा व खल-कपासिया सहित पुलिस ने लगभग 1 करोड़ 35 लाख 40 हजार रुपए की सामाग्री जब्त की है. नारकोटिक्स विंग ने फकीर मोहल्ला शामगढ़ जिला मंदसौर निवासी आरोपी आजाद पिता शमसुद्दीन मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें