रविवार, 19 मई 2019

हाथ नहीं, हौंसले भी कम नहीं



मध्यप्रदेश में आज मतदान के दौरान कई तरह के नजारे दिखाई दिए. दिव्यांगों ने उत्साह दिखाया और हौंसले के साथ मतदान केन्द्र पहुंचे.
मध्यप्रदेश के रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र में मतदान के दौरान युवाओं और विकलांगों का उत्साह खासा नजर आया. रतलाम जिले के  आलोट विधानसभा क्षेत्र के मतदाता गोपाल सिंह ने अपने दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद पैरों से मतदान कर इस बात को साबित किया कि हाथ भले ही न हो लेकिन इंसान के हौसले भी कम नहीं होना चाहिए. उज्जैन संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले  आलोट विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 231 तालोद के मतदाता गोपाल सिंह ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और पैरों से बटन दबाकर अपना मत दिया.
पहले पिता को दी मुखाग्नि, फिर किया मतदान
मध्यप्रदेश के बड़वानी में एक बेटे ने पहले अपने पिता को मुखाग्नि दी और बाद में पत्नी एवं परिवार के साथ मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान किया. बड़वानी सेंधवा सुदामा कालोनी निवासी तपीराम शिंदे की कल रविवार की रात मौत हो गई, लेकिन परिवार ने अपने बुजुर्ग की मौत के बाद भी मतदान के महत्व को समझा और मतदान कर मिसाल पेश की. गमगीन परिवार ने अपने शोक के बावजूद मतदान केंद्र पर पहुंचकर मृतक के बेटे बहू और पोता पोती ने मतदान किया. 
आंखो से दिव्यांग रामकन्या ने किया मतदान  
  मध्यप्रदेश के लोकसभा संसदीय क्षेत्र मंदसौर के नीमच जिले के ग्राम जवासा में आज 69 वर्षीय नेत्रों से दिव्यांग ने अपने मताधिकार का उपयोग कर खुशी जताई.  69 वर्षीय दोनों नेत्रों से दिव्यांग रामकन्या राठौर ने शा.प्रा.वि. जवासा मतदान केंद्र क्रं. 160 पर जाकर, अपने मताधिकार का प्रयोग किया.  सहयोगी के रूप में फकीरचंद ने इनका मतदान में सहयोग किया.   इसी तरह 63 वर्षीय दिव्यांग रामेश्वर धनगर निवासी बोरखेडी पानेरी ने एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद व्हील चेयर द्वारा सुगमतापूर्वक मतदान केंद्र क्र.167 पर जाकर, अपने मताधिकार का प्रयोग किया. 
पारंपरिक वेशभूषा पहनकर किया स्वागत

मध्यप्रदेश के देवास लोकसभा संसदीय क्षेत्र के शाजापुर में आदर्श मतदान केन्द्रों युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा पहनकर मतदान के लिए पहुंचे मतदाताओं का स्वागत किया.  मतदान केन्द्र क्रमांक 160 एवं 161 मतदाताओं का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया. इस आदर्श मतदान केन्द्र की साज-सज्जा प्रबंधक  संदीप राजपूत के मार्गदर्शन में प्रियंका चौहान, कृतिका तिवारी, आरती यादव, मेघा चौहान और दिव्या आर्य द्वारा रंगोली सजाई गई. इसी तरह पारंपरिक आकर्षक वस्त्र धारण कर प्रियंका मालवीय, नेहा कुंभकार, सोनम परमार, आरती प्रजापत, माधुरी परमार एवं साधना प्रजापत ने मतदान करने आ रहे मतदाताओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें