मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की कमलनाथ सरकार पर हमला बोला है. चौहान ने इंदौर के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता की हुई हत्या को लेकर कहा कि कांग्रेस की पराजय निश्चित है, इसलिए वह राज्य को पश्चिम बंगाल बनाने पर तुली है. उन्होंने सरकार को चेतावनी दी की शांति के टापू पर सरकार हिंसा का खेल शुरु न करे.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने लोकसभा में कांग्रेस की हार को निश्चित बताते हुए आरोप लगाया कि इसी बौखलाहट से कांग्रेस प्रदेश को पश्चिम बंगाल बनाने पर तुली है. हार से बौखलाकर कांग्रेस का हिंसा का सहारा ले रही है. इतना नहीं चौहान ने कहा कि सांवेर के पालिया गांव में हमारे कार्यकर्ता को कांग्रेस नेता ने सिर्फ इसलिए गोली मार दी, क्योंकि उन्होंने भाजपा को वोट दिया था और पार्टी के लिए काम किया था. भाजपा कार्यकर्ता नेमीचंद तंवर की हत्या के बाद शिवराज सिंह ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांवेर के कांग्रेस विधायक तुलसी सिलावट को चेतावनी दी कि वो हिंसा और हत्याओं को खेल मध्य प्रदेश की धरती पर न शुरू करें. मध्यप्रदेश हमेशा से ही शांति का टापू रहा है. ऐसे में जो भी लोग इस हत्या में शामिल हैं, उन्हें पुलिस तत्काल गिरफ्तार करे. अगर ऐसा नहीं होगा तो भाजपा प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी.
यह है मामला
इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पालिया में भाजपा कार्यकर्ता नेमीचंद तंवर की रविवार की शाम को गोली मारकर हत्या कर दी थी. बताया जाता है कि तंवर की हत्या के पहले रविवार की सुबह उनका विवाद कांग्रेस नेता अरुण शर्मा के साथ हुआ था. इस दौरान अरुण ने मतदान समाप्त होने के बाद उन्हें देख लेने की धमकी दी थी. इस घटना के बाद नेमीचंद की गोली मार दी. घटना के बाद नेमीचंद को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना में नेमीचंद की मां पुष्पाबाई और बेटे बसंद भी घायल हुए थे. नेमीचंद की मां ने कांग्रेस नेता अरुण शर्मा द्वारा उनके बेटे पर गोली चलाने की बात कही है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें