राजधानी में आज नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री निवास घेराव करने पहुंचे. इस दौरान पुलिस बल ने उन्हें बाहर ही रोक लिया. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है.
मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने पहुंची नर्सिंग के विद्यार्थियों का कहना था कि बीच शैक्षणिक सत्र में कालेजों की मान्यता समाप्त किए जाने से उनका भविष्य अंधकार में हो गया है. राज्य के 127 कालेजों के 14 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों का भविष्य इस प्रक्रिया के चलते खराब हो रहा है. सभी छात्र इसका विरोध कर रहे हैं. राज्य के सभी नर्सिंग कालेज के छात्र आज सरकार के इस निर्णय के विरोध में राजधानी में एकत्रित हुए और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने पहुंचे. नर्सिग विद्यार्थियों की संख्या को देख पुलिस बल पहले से ही मुख्यमंत्री निवास पर तैनात था, जहां बाहर ही उन्हें रोक दिया गया. बाद में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उनसे मुलाकात की. नर्सिंग विद्यार्थियों ने अपनी मांग का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा. विद्यार्थियों की मांग है कि जिन कालेजों की मान्यता बीच सत्र में समाप्त की गई है, उनकी मान्यता बहाल की जाए. इससे प्रदेश के हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य जुड़ा हुआ है. शीघ्र मान्यता जारी नहीं की गई, तो हजारों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग जाएगा. इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी. मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को वे जल्द पूरा करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें