रविवार, 23 जून 2019

जहां हम कमजोर हैं वहां करना है मेहनत

संगठन का आधार है सदस्यता: शिवराज

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के सदस्यता अभियान के प्रभारी  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जहां पर हम कमजोर हैं, वहां पर हमें मेहनत करना है, ताकि संगठन को और मजबूती मिले. उन्होंने कहा कि संगठन का आधार सदस्यता होती है, इसलिए हमें ज्यादा से ज्यादा नए सदस्यों को बनाना है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने ये बात आज राजधानी में हुई सदस्यता अभियान को लेकर हुई बैठक में कही. उन्होंने कहा कि हमें संगठन का विस्तार करना है और संगठन का आधार है सदस्यता. पार्टी ने तय किया है कि नए सदस्य बनाना है. सदस्यता अभियान का मूलमंत्र है 'सर्वस्पर्शी भाजपा, सर्वव्यापी भाजपा'. अलग-अलग वर्ग, जहां हम कमजोर हैं, वहां मेहनत की जरूरत है. चौहान ने कहा कि प्रदेश में ऐसे कई बूथ हैं जहां पार्टी को अपेक्षा के अनुरूप वोट नहीं मिले हैं. उन्होंने कहा कि हमें इसके पीछे का कारण खोजकर माइक्रो लेवल पर प्लानिंग करके सभी को अपने साथ लेना होगा, यही है 'सर्वव्यापी भाजपा'. बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं चुनाव के दौरान जब जनता के बीच जाता था, तो लोग कहते थे कि मामा चिंता मत करो, मय ब्याज के बदला लेंगे. प्रदेश में भाजपा ने 28 सीटें जीती और जीत का मार्जिन भी 5-5 लाख वोटों का है. 
सदस्यता अभियान की बैठक खत्म होने के बाद संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि सदस्यता अभियान केवल खाना पूर्ति नहीं होनी चाहिए. मंडल स्तर पर रजिस्टर में हर सदस्य का फोन नंबर एड्रेस की जानकारी होनी चाहिए. प्रदेश संगठन कभी भी रजिस्टर बुलवाकर क्रास चेक कर सकता है. उन्होंने कहा कि आज की बैठक में अधिक से अधिक भाजपा के नए सदस्य बनाने पर जोर दिया गया.
बैठक में कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, सांसद, संगठन मंत्री, सदस्यता के जिला प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ, विभाग एवं प्रकल्पों के प्रदेश संयोजकों के साथ सदस्यता अभियान के संदर्भ में चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि
प्रदेश भाजपा कार्यालय में सदस्यता अभियान को लेकर हुई बैठक के पहले पूर्व मुख्यमंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर चौहान ने कहा कि हम स्वर्गीय मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलते हुए संगठन को और मजबूत करने का काम करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें