शुक्रवार, 21 जून 2019

शिवम की मौत, पुलिस अधिकारियों को राजभवन बुलाया राज्यपाल ने


राज्यपाल आंनदीबेन पटेल ने पुलिस पिटाई में हुई शिवम की मौत मामले में पुलिस अधिकारियों को राजभवन बुलाया है. राज्यपाल को आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ शिवम के माता-पिता ने राजभवन पहुंचकर घटना की सीबीआई जांच की मांग की थी. 
राजधानी में आज भारत माता चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवम के परिजनों के साथ धरना दिया. धरने के बाद  शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित परिवार के साथ राजभवन पहुंचकर  राज्यपाल  आनंदीबेन पटेल से मिले. राज्यपाल ने शिवम के परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली. परिवारजनों ने घटना से जुड़े फोटो और वीडियो राज्यपाल को दिखाए. मृतक शिवम के मित्र गोविन्द ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पूरा घटनाक्रम बताया. शिवम के पिता ने राज्यपाल को सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिस पर राज्यपाल ने घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधी पुलिस अधिकारियों को शनिवार को राजभवन बुलाने के निर्देश दिए. उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया. 
राजनीति कर रहे शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शिवम मिश्रा की मौत पर सीबीआई जांच की मांग किए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगाया कि वे शिवम की मौत पर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने इसे शर्मनाक बताया. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में भी 284 कस्टोडिएल डेथ हुई थी, तब उन्होंने इतनी संवेदनशीलता क्यो नहीं दिखाई. वे अब केवल सियासत की रोटी सेंक रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें