बुधवार, 12 जून 2019

मालेगांव से तीर्थ दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की बस पलटी

3 की मौत, 7 घायल

महाराष्ट्र के मालेगांव से तीर्थ दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं से भरी बस चित्रकूट जाते समय विदिशा मार्ग पर ग्राम धतुरिया में पलट गई. हादसे में 3 लोगों की मौत गई, जबकि 7 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 50-पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. 
जानकारी के मुताबिक घटना विदिशा से 10 किलोमीटर पहले सागर रोड पर घटी. जब एक तेज गति से चल रही लग्जरी बस पलट गई. हादसे के बाद चीख पुकार मच गई.  हादसे में बस के नीचे कई लोग फंस गए. यह तीर्थयात्री बस नासिक से चित्रकूट जा रही थी. विदिशा से गुजरने के बाद ग्राम धतुरिया के पास यह हादसा हो गया. कई यात्री इस बस में फंसे हुए थे.  बस में सवार श्रद्धालु मंगलवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन में आए थे. यहां से बस उन सभी को लेकर रात में चित्रकूट के लिए रवाना हुई थी. बस में कुल 55 से अधिक श्रद्धालु सवार थे. विदिशा मार्ग पर ग्राम धतुरिया के पास पहुंचते ही बस पलट गई और 3 श्रद्धालुओं की मौत व 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.  मृतकों की पहचान सविता भगवंता 55 वर्ष, दशरथ, काशीराम यादव 60 वर्ष, शिवाजी बोरडे 40 वर्ष के रुप में हुई है. तीनों मृतकों के शव प्रशासन ने पोस्टमार्टम के बाद नासिक के लिए रवाना कर दिए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें