सोमवार, 3 जून 2019

बिजली कटौती बना मुद्दा, भाजपा ने कहा बिजली बिल हाफ करने के बजाय हाफ कर दी बिजली

नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कसा तंज, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों पर जताई नाराजगी

मध्यप्रदेश में एक बार फिर बिजली कटौती को लेकर प्रदेश की कमलनाथ सरकार घिर गई है. भाजपा ने सरकार पर हमला बोला और कहा कि सरकार ने बिजली बिल हाफ करने का वादा किया, लेकिन अब बिजली ही हाफ कर दी है. वहीं मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इसे लेकर अधिकारियों पर नाराजगी जताई है और कहा है कि अगर अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रदेश में अब भी अघोषित बिजली कटौती हो रही है और लोग परेशान हैं. राज्य में रविवार को कुछ जिलों में तेज आंधी और बारिश के कारण घंटों बिजली गुल रहने  से लोग परेशान होते रहे. यह बात आज जब मुख्यमंत्री कमलनाथ के सामने आई तो उन्होंने इस पर अपनी नाराजगी जताई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फाल्ट या फिर मैंनटेनेंस के चलते बिजली की आपूर्ति बाधित होना तो समझ आता है, मगर बिना कारण घंटों बिजली गुल रहने का कारण समझ नहीं आता. उन्होंने साफ कहा कि अगर अब प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती की स्थिति निर्मित होती है तो अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर यह बात भी सामने आ रही है कि बिजली कटौती होने पर उपभोक्ता जब अधिकारियों को फोन करता है, तो उसका फोन ही अधिकारी नहीं उठाते हैं. उन्होंने कहा कि बिजली का मैंनटेंनस कार्य पूर्व सूचना देकर ही किया जाए. जिम्मेदार अधिकारी विघुत वितरण की प्रतिदिन समीक्षा करें, जनता की शिकायत पर ध्यान दें उन्हें संतुष्ट करें.
दरअसल लंबे समय से प्रदेश मे अघोषित बिजली कटौती का सिलसिला जारी है. इस कटौती को लेकर कई बार भाजपा ने मुद्दा भी बनाया और कांग्रेस ने उसका जवाब अधिकारियों की भाजपा से मिलीभगत होने के तहत बिजली कटौती किए जाने को लेकर दिया. 
नेता प्रतिपक्ष ने कहा बिजली हाफ कर दी
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने बिजली कटौती को लेकर सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि सरकार ने वादा तो किया था कि वह बिजली बिल हाफ करेगी, मगर अब तो उसने बिजली ही हाफ कर दी है. भार्गव ने कहा कि हमने तो पहले ही कहा था कि राज्य में अब फिर सरकार कांग्रेस की है, लोगों को अंधेरे में रहने की आदत डालनी होगी.
मंत्री ने कहा भाजपा के इशारे पर हो रही कटौती
राज्य सरकार के पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र सिंह हनी बघेल ने राज्य में हो रही बिजली कटौती को लेकर आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा भाजपा के इशारे पर बिजली की कटौती की जा रही है, जिससे कांग्रेस सरकार की छवि दागदार हो. उज्जैन दौरे पर पहुंचे मंत्री से लोगों ने लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर शिकायत की थी. इस पर उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इस तरह की शिकायतें मिली है. इन शिकायतों के आधार पर सरकार बिजली अधिकारियों पर कार्रवाई भी कर रही है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें